रायपुर। मुख्यमंत्री बघेल के सख्त निर्देश के बाद पुलिस चिटफंड कंपनी के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। जिसमें पुलिस ने अब तक 12 कं​पनियों पर ​शिकंजा कसा है और उनके कं​पनियों की करोड़ों की संपत्ति जब्त की है। इसी कड़ी में पुलिस को 500 से ज्यादा लोगों को करोड़ो रुपये का चूना लगाकर फरार वसुंधरा रियल कॉम लिमिटेड के नाम से चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर गौरंगो राय और भांजा संदीप पोराई को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। लोगों से करोड़ो रुपये इक्कट्ठा करने के बाद आरोपी डायरेक्टर राजधानी से फरार हो गया था, जिसके बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपियो के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया।

बता दें कि यह मामला साल 2016 का है। जब मामा गौरंगो राय और भांजा संदीप पोराई ने तेलीबांधा में वसुंधरा रियल कॉम लिमिटेड के नाम से चिटफंड कंपनी चालू की थी। जिसके बाद करीबन 500 लोगों को दोगुने पैसे का लालच देकर करोड़ो रुपये लेकर फरार हो गए थे।

इंस्पेक्टर सोनल और सायबर सेल से 6 लोगों की टीम रवाना

आरोपी को पकड़ने के लिए रायपुर के तेलीबांधा थाने से इंस्पेक्टर सोनल ग्वाला और सायबर सेल से 6 लोगों की टीम कोलकाता रवाना हुई। यहां चौबीस परगना में पहुंचकर आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई गई। जिसमें टीम को पता चला कि कोलकाता में गौरंगो नाम बदलकर एक कंपनी में काम कर रहा है। पुलिस ने एक कंपनी में निवेश और सेल्स डील की बातों में उलझाकर गौरंगों से मुलाकात की। जिसके बाद उसे अकेले मिलने बुलाया। इसके बाद गौरंगों को वहीं से गिरफ्तार कर टीम उसे रायपुर ले आई।