निजी विश्वविद्यालय पोर्टल

रायपुर, 07 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में निजी विश्वविद्यालयों से जुड़ी जानकारी अब अधिक व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध होगी। राज्यपाल रमेन डेका ने लोक भवन में नए निजी विश्वविद्यालय पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्होंने पोर्टल को क्लिक कर इसकी शुरुआत की।

यह पोर्टल छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग द्वारा तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों से संबंधित जरूरी जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है।

एक जगह मिलेगी शैक्षणिक जानकारी

नए निजी विश्वविद्यालय पोर्टल पर विभिन्न विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ी सूचनाएं प्रदर्शित की जाएंगी। इसमें अध्यादेश के आधार पर संचालित पाठ्यक्रमों का विवरण शामिल रहेगा।

इसके अलावा अकादमिक कैलेंडर और प्रवेशित विद्यार्थियों से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध होगी। विद्यार्थियों की अंकसूची, डिग्री और पिछले वर्षों के परीक्षा परिणाम भी पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।

फीस और पदों की जानकारी भी होगी उपलब्ध

पोर्टल पर विश्वविद्यालयों द्वारा निर्धारित और लिए जाने वाले शुल्क की जानकारी भी देखी जा सकेगी। साथ ही कार्यरत अधिकारियों और विभिन्न समितियों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध रहेगी।

समितियों के सदस्यों तथा पीएच.डी. शोध-निर्देशकों का विवरण भी ऑनलाइन प्रदर्शित किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों और अन्य संबंधित लोगों को जरूरी जानकारी प्राप्त करने में आसानी होगी।

निजी विश्वविद्यालय पोर्टल से बढ़ेगी पारदर्शिता

पोर्टल पर नई शिक्षा नीति यानी NEP-2020 से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी दी जाएगी। इसके साथ नैक प्रत्यायन और अन्य विश्वविद्यालयों के साथ हुए एमओयू का विवरण उपलब्ध रहेगा।

वहीं, स्किल डेवलपमेंट, इनोवेशन और स्टार्टअप से जुड़ी गतिविधियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। जॉब ओरिएंटेशन प्रोग्राम और कैंपस प्लेसमेंट की जानकारी भी पोर्टल पर प्रदर्शित होगी।

यह भी पढ़ें: RVV-BD मिसाइल से बढ़ेगी ताकत, लंबी दूरी पर मजबूत होगी मारक क्षमता