कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस पर उन्होंने निशाना साधते हुए बीजेपी से तीखे सवाल किए हैं। प्रियंका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ दौरे पर भी सवाल उठाएं हैं। उनका कहना है कि एक तरफ जहां यूपी के लखीमपुर जैसी घटना हो रही है, ऐसे में प्रधानमंत्री जी महोत्सव में शिरकत करने वाले हैं।
दरअसल लखीमपुर में मंत्री अजय मिश्रा के बेटे ने बीते दिनों किसानों को अपनी कार से कुचल दिया था। इस पर कांग्रेस ने भी किसानों के समर्थन में आवाज उठाई। नतीजन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस पर प्रियंका गांधी ने सवाल किया कि जिस मंत्री का बेटा सरेआम इस तरह का अपराध कर रहा है उस मंत्री को अब तक बर्खास्त क्यों नहीं किया गया और मंत्री के बेटे को भी गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है?
आजाद घूम रहा अपराधी: प्रियंका
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि योगी सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन ने प्रियंका गांधी के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। प्रदर्शन करने वाले नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और देर शाम सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। प्रियंका गांधी ने सवाल करते हुए कहा कि ‘मुझ जैसे विपक्ष के नेताओं को तो आपने हिरासत में बगैर किसी ऑर्डर के, बगैर एफआईआर के रखा है, मैं जानना चाहती हूं कि ये आदमी आजाद क्यों है?’
महीनों से त्रस्त है देश का अन्नदाता
उन्होंने आगे कहा कि ‘आज जब आप आजादी के अमृत महोत्सव की महफिल में मंच पर बैठे रहेंगे मोदी जी तो आप याद करिए कि आजादी हमें किसानों ने दिलवाई’। उन्होंने कहा कि किसानों के बेटे ही देश की सीमाओं की सुरक्षा कर रहे हैं। आज वहीं किसान महीनों से त्रस्त हैं, अपनी आवाज उठा रहा है और आप उसे नकार रहे हैं। मैं आपसे आग्रह करती हूं, लखीमपुर आइए। जिन्होंने आजादी दिलाई, जो अन्नदाता है इस देश का, जो इस देश की आत्मा है, उसकी पीड़ा समझिए, सुनिए। इनकी सुरक्षा करना आपका धर्म है।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
