रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार गांव-गरीब और किसानों के साथ ही युवाओं की तरक्की के लिए काम कर रही है। जिसका प्रदर्शन छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क विभाग विकास प्रदर्शनी के जरिए कर रहा है। छत्तीसगढ़ शासन की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के साथ ही सरकार की उपलब्धियों पर आधारित इस विकास प्रदर्शनी की लोग सराहना भी कर रहे हैं।

भूपेश सरकार के तीन साल पूरे होने पर बस्तर संभाग मुख्यालय के साथ विकासखण्डों में छायाचित्र प्रदर्शनी के जरिए शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। प्रदर्शनी में किसान कर्ज माफी और राजीव गांधी न्याय योजना, ग्रामीण गोधन न्याय योजना तो युवा सरकार द्वारा नौकरियों के लिए बढ़ाए गए अवसरों की सराहना कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: भूपेश सरकार के 36 महीने: तीन साल में फैला सड़कों का जाल, शासकीय भवनों और सार्वजनिक जगहों तक पहुंच हुई आसान

प्रदर्शनी को उपयोगी बता रहे लोग

विकास प्रदर्शनी में शासन की योजनाओं की जानकारी लेने पहुंचे जैतगिरी निवासी संतोष ने कहा कि प्रदर्शनी के जरिए शासन की योजनाओं की जानकारी एक ही जगह में मिल जाने से किसान सभी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में दिए जा रहे योजनाओं से संबंधित पॉम्प्लेट और पुस्तक बहुत ही उपयोगी है। इससे सभी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल रही है। बड़े धाराउर के चैतु और सुनील ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा के लिए शुरू किए गए आत्मानंद स्कूलों को राज्य की शिक्षा व्यवस्था में मील का पत्थर बताया।

ये भी पढ़ें: भूपेश सरकार के तीन साल में ‘मॉडल’ बनकर उभरा छत्तीसगढ़

संभाग के विभिन्न मुख्यालयों में आयोजन

बस्तर संभाग मुख्यालय में 17 से 19 दिसंबर तक तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन शहीद पार्क के पास स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस तरणताल के सामने लगाई गई थी। इसके साथ ही रविवार 19 दिसंबर को बकावंड विकासखण्ड के जैतगिरी, सोमवार 20 दिसंबर को विकासखण्ड मुख्यालय तोकापाल, मंगलवार 21 दिसंबर को लोहण्डीगुड़ा विकासखण्ड के उसरीबेड़ा और बुधवार 22 दिसंबर को दरभा विकासखण्ड मुख्यालय में विकास प्रदर्शनी आयोजित की जा चुकी है। अब गुरुवार 23 दिसंबर को बस्तर और शनिवार 25 दिसंबर को बास्तानार में भी विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी।