भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 दिसंबर 2025 को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले दूसरे वनडे मैच के लिए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने भीड़ नियंत्रण और खिलाड़ियों की सुरक्षित मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रैफिक एवं पार्किंग प्लान लागू कर दिया है। मैच के दिन अलग–अलग शहरों से आने वाले दर्शकों के लिए निर्धारित रूट अनिवार्य होंगे, जिनमें रायपुर शहर की ओर से आने वालों को तेलीबांधा तिराहा, NH–53 और सेरीखेड़ी ओवरब्रिज के जरिए नया रायपुर मार्ग से स्टेडियम तक पहुंचने की सलाह दी गई है, जबकि उनके वाहन साईं अस्पताल और सेंध तालाब पार्किंग में रखे जाएंगे। बिलासपुर, खरोरा और बलौदाबाजार दिशा से आने वाले दर्शक धनेली नाला–रिंग रोड–विधानसभा चौक–मंदिर हसौद मार्ग होकर परसदा और कोसा पार्किंग तक पहुंचेंगे, वहीं धमतरी और जगदलपुर से आने वालों के लिए अभनपुर, केंद्री और मंत्रालय चौक से होकर पार्किंग तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है। दुर्ग–भिलाई से आने वालों के लिए टाटीबंध–रिंग रोड–01 मार्ग तथा महासमुंद और सरायपाली की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए आरंग होकर स्टेडियम टर्निंग तक पहुंचने का रूट निर्धारित है। पासधारी वाहनों के लिए स्टेडियम परिसर की A से G तक विशेष पार्किंग झोन बनाए गए हैं। मैच के दिन दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक नया रायपुर क्षेत्र में मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी ताकि यातायात सुचारू रहे। स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर कड़ी सुरक्षा के बीच शराब, तंबाकू, तेज धारदार वस्तुएँ, बड़े बैग, कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, बोतलें, पटाखे, छाते आदि सामानों को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। पुलिस ने दर्शकों से अनुरोध किया है कि वे समय से पहले स्टेडियम के लिए निकलें, निर्धारित मार्गों का पालन करें और केवल आवश्यक सामान साथ लाएं ताकि प्रवेश के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।