रायपुर। रायपुर पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक अभियान शुरू किया है। इसके तहत महिला पुलिसकर्मियों की टीम चौराहों, शहर के मुख्य बाजारों में गश्त कर रही हैं। गश्त करने वाली इस टीम को नाम दिया गया है पिंक गश्त। इसके बाद टीम पंडरी, कटोरा तालाब, मालवीय रोड, गोल बाजार जैसे हिस्सों में जाकर महिलाओं से मुलाकात कर रही है।

बता दें 25 नवंबर को पिंक गश्त की शुरुआत की गई। रायपुर पुलिस ने शहर में 25, 26 व 27 नवंबर के विभिन्न क्षेत्रों के लिए पिंक गश्त हेतु कुल 15 टीमें गठित की हैं। सभी टीमों को कुछ टार्गेट एरिया दिया गया है। ज़िले की कुल 152 महिला पुलिस इसमें शामिल हैं।

रायपुर पुलिस द्वारा पिंक गश्त अभियान की शुरुआत

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर विभिन्न मुद्दों पर जागरूक करने हेतु रायपुर पुलिस द्वारा पिंक गश्त अभियान मुहिम की शुरुआत की गई है। इस मुहिम के तहत् रायपुर पुलिस के महिला पुलिस द्वारा लगातार रेल्वे स्टेशन, मरीन ड्राईव, बूढ़ा तालाब, कटोरा तालाब, मालवीय रोड़, पण्डरी मार्केट, उर्जा पार्क, रायपुरा चैक, राम मंदिर, नेहरू गार्डन, मोती बाग गार्डन, घड़ी चैक, बीएसयूपी काॅलोनी, मौदहापारा एवं न्यू बस स्टैण्ड में आत्म रक्षा (कराटे) के गुण सिखाकर महिलाओं के लिए निडर वातावरण बनाना, महिलाओं को अपराधों से बचने के उपाय बताना, कुछ होने पर पुलिस को आसानी से सम्पर्क करने प्रेरित करना, सोशल मीडिया को लेकर आवश्यक सावधानियों के बारे में बताकर लगभग 2500 महिलाओं और बच्चों को 2000 पाम्पलेट, की-रिंग और पेन वितरित कर हेल्पलाइन नम्बर 94791-90167, 94791-91099 प्रचारित कर जागरूक किया जा रहा है।

इस नंबर पर कर सकते शिकायत

9479190167 नंबर पर महिलाएं अपने साथ किसी भी तरह की घटना की शिकायत बेझिझक कर सकती हैं। इस नंबर पर वॉट्सऐप के जरिए भी पुलिस को मैसेज भेजा जा सकता है। शहर में पिंक गश्त के लिए कुल 15 टीमें गठित की गई हैं। जिसमें रायपुर पुलिस की कुल 152 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं।