रायपुर शहर एक बार फिर भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक उल्लास का साक्षी बनने जा रहा है। श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट, गुढ़ियारी के तत्वावधान में श्रीराम जानकी प्राण प्रतिष्ठा वार्षिक महोत्सव एवं श्री श्याम बाबा महोत्सव का आयोजन 19 जनवरी को किया जा रहा है। यह दिव्य कार्यक्रम मारुति मंगलम भवन, गुढ़ियारी, रायपुर में संपन्न होगा।

कार्यक्रम की शुरुआत संध्या पांच बजे विशाल भंडारे (भोजन प्रसादी) से होगी। इसके पश्चात संध्या छह बजे से श्री श्याम बाबा का भव्य महोत्सव एवं भक्तिमय भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। यह पावन धार्मिक आयोजन समाजसेवी बसंत अग्रवाल के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे इसका आध्यात्मिक महत्व और भी बढ़ गया है।

आयोजन समिति के अनुसार, यह महोत्सव “करने वाले बालाजी, करवाने वाले बालाजी” की भावना के साथ, बाबा श्री श्याम और बालाजी महाराज की असीम कृपा से आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम में देश के ख्यातिप्राप्त भजन गायक श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो देंगे।

मुंबई से प्रसिद्ध भजन गायक प्रमोद त्रिपाठी, जयपुर से रजनी राजस्थान, तथा रायपुर के लोकप्रिय कलाकार राजू महाराज ‘पागल’ और विनय अग्रवाल अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से भक्तों को भाव-विभोर करेंगे।

आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों और नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य आयोजन में शामिल हों और पुण्य लाभ प्राप्त करें।