रायपुर। छत्तीसगढ़ वित्त विभाग अंतर्गत संचालनालय राज्य ऑडिटर ने 65 पदों पर भर्ती निकाली है। विभाग ने इन पदों की भर्ती से संबंधित विज्ञापन भी जारी कर दिया है। भर्ती तृतीय श्रेणी के सीनियर ऑडिटर और असिस्टेंट ऑडिटर पदों पर की जाएगी। 5 नवंबर से इन पदों के लिए आवेदन शुरू किया जा सकता है। इन पदों के लिए छत्तीसगढ़ के मूल निवासी बेरोजगार युवा ही आवेदन कर सकेंगे।

विभाग द्वारा जारी विज्ञापन के मुताबिक सीनियर ऑडिटर के कुल 11 पद हैं। इसमें 3 अनुसूचित जनजाति, 2 अनुसूचित जाति और 1 अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। इसके अलावा सहायक संपरीक्षक के 54 पदों पर भी भर्ती होनी है। छत्तीसगढ़ राज्य संपरीक्षा ने संचालनालय और उसके अधीनस्थ कार्यालय रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, जगदलपुर, रायगढ़, अंबिकापुर और अन्य कार्यालयों के लिए तृतीय श्रेणी के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है।

22 नवंबर अंतिम तिथि

सहायक संपरीक्षक के 54 पदों में से अनुसूचित जनजाति के लिए 17, अनुसूचित जाति के लिए 6 और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 8 पद आरक्षित हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

महत्वपूर्ण तिथि-

  • आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू होगी।
  • आवेदन की अंतिम तिथि 22 नवंबर रात 12 बजे से पहले तक निर्धारित की गई है।
  • आवेदन में त्रटि सुधारने की अंतिम तिथि 25 नवंबर है।
  • छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की वेबसाइट से 2 दिसंबर को परीक्षा का प्रवेश पत्र डाउनलोड किया जा सकेगा।
  • इन पदों के लिए परीक्षा की संभावित तारीख 12 दिसंबर तय की गई है।

क्या है राज्य संपरीक्षक ?

राज्य संपरीक्षा सरकारी विभागों और निकायों के लेखा परीक्षा (अकाउंट ऑडिट) का काम करता है। सीनियर ऑडिटर और सहायक संपरीक्षक, लिपिक श्रेणी के पद हैं। इनका काम अधिसूचित निकायों का ऑडिट करना है।