माता शबरी की ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी शिवरीनारायण को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक-मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन जांजगीर-चांपा एवं नगर पंचायत शिवरीनारायण द्वारा “शबरी कार सेवा” नामक व्यापक जनआंदोलन की शुरुआत की गई है। इस अभियान को स्वच्छता सेनानी अभियान से जोड़ते हुए सामूहिक श्रमदान, नदी-तट संरक्षण और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है।
अभियान का शुभारंभ नदी घाट पर स्वच्छता गतिविधियों के साथ हुआ, जिसमें कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के वरिष्ठ अधिकारी, नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान शिवरीनारायण को स्वच्छता का आदर्श मॉडल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि शिवरीनारायण केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि तीन नदियों के संगम से जुड़ी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शबरी कार सेवा एक दिन की गतिविधि नहीं, बल्कि सतत प्रक्रिया है, जिसमें अनुशासन, जनभागीदारी और निरंतर निगरानी की अहम भूमिका होगी।
अभियान के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करते हुए 100 प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण, खुले में कचरा फेंकने पर सख्ती और डस्टबिन-फ्री बाजार व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके साथ ही, सफाई कर्मचारियों को “स्वच्छता मित्र” के रूप में सम्मानित कर उनके योगदान को सामाजिक पहचान दी जाएगी।
शबरी कार सेवा के माध्यम से स्व-सहायता समूहों और महिलाओं को स्वच्छता से जुड़े कार्यों में जोड़कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। साथ ही, घाटों के सौंदर्यीकरण, नदी-तट प्रबंधन, नाव संचालन और पर्यटन आधारित सुविधाओं के विकास से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ मजबूती मिलेगी।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
