रायपुर। राजधानी में अगले महीने से बॉलीवुड फिल्म ‘इश्क चकल्लस’ की शूटिंग होनी है। प्रेसवार्ता के माध्यम से जानकारी देते हुए फिल्म के डायरेक्टर अशोक यादव, प्रोड्यूसर नूपुर चंद्राकर और केविन जॉनसन ने बताया कि उक्त पिक्चर की शूटिंग छत्तीसगढ़ की खूबसूरती देश-विदेश तक पहुंचाने के उद्देश्य से यहां की जा रही है।

आपको बता दें कि इस मूवी में 25 से 55 वर्ष के स्थानीय कलाकारों को भी मौका दिया जाएगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ के एक्टर, म्यूजिशियन, डांसर, सिंगर सहित अन्य कलाकार 7470660073 पर व्हाट्सएप के जरिए 1 मिनट का वीडियो क्लिपिंग भेजकर ऑडिशन दे सकते हैं। जिन्हें निर्णायकों द्वारा शॉर्टलिस्ट करने के बाद संपर्क कर फिल्म में काम करने का मौका दिया जाएगा।

1 महीने तक चलेगी शूटिंग

प्रोड्यूसर नूपुर चंद्राकर ने बताया कि मूवी की शूटिंग तकरीबन 1 माह तक छत्तीसगढ़ के विभिन्न पर्यटन स्थल जैसे कौशल्या माता मंदिर, मैनपाट, खल्लारी, चंडी मंदिर सहित अन्य जगहों पर की जाएगी। जिसके बाद 2022 में मूवी को रिलीज किया जाएगा।

मुक्ति मोहन होंगे मुख्य कलाकार

फिल्म के डायरेक्टर अशोक यादव ने बताया कि फिल्म में मुख्य कलाकार के रूप में मुक्ति मोहन, अंशुमन पुष्कर, आशिफ खान, जीशान कादरी, राजेश शर्मा सहित लिरिसिस्ट विशाल मिश्रा, राजशेखर जैसी हस्तियां रहेंगी। जिनके साथ छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकार काम करेंगे।

मुहूर्त पूजा में सीएम बघेल भी होंगे शामिल

नवंबर में फिल्म के प्रोडक्शन हाउस द्वारा मुहूर्त पूजा का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत सहित छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री और अधिकारी मौजूद रहेगें। फिल्म निर्माताओं ने बताया कि इस मूवी की शूटिंग राज्य में होने से शासन-प्रशासन से भरपूर सहयोग मिलने का आश्वाशन भी मुख्यमंत्री बघेल ने दिया है।