छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार और प्रोफेशनल ग्रोथ का एक बड़ा अवसर सामने आया है। हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए नया रायपुर स्थित स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (SIHM) ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह संस्थान छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के अधीन संचालित होता है और देशभर में अपने 100 प्रतिशत प्लेसमेंट रिकॉर्ड के लिए जाना जाता है।
SIHM रायपुर राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं खानपान प्रौद्योगिकी परिषद (NCHMCT) से संबद्ध है। यहां से पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्रों को ओबेरॉय, ताज, हयात, मैरियट, फेयरमोंट जैसे प्रतिष्ठित होटल समूहों में काम करने का अवसर मिलता है। संस्थान में तीन वर्षीय पूर्णकालिक बीएससी हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन कोर्स के लिए कुल 80 सीटों पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इसके अलावा संस्थान में डिप्लोमा और शॉर्ट-टर्म व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं, जिनमें फूड प्रोडक्शन, बेकरी, हाउसकीपिंग और एफ एंड बी सर्विस शामिल हैं। डेढ़ वर्ष के डिप्लोमा कोर्स के बाद ही छात्रों को फाइव स्टार होटलों में नौकरी मिलने लगती है, जबकि तीन वर्षीय डिग्री कोर्स पूरा करने पर शुरुआती स्तर पर 15 से 25 हजार रुपये तक का स्टाइपेंड भी दिया जाता है।
NCHM JEE 2026 से मिलेगा प्रवेश
SIHM रायपुर में प्रवेश नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (NCHM JEE 2026) के माध्यम से होगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी exams.nta.nic.in/nchm-jee वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 25 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है।
यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा 120 अंकों की होगी, जिसमें इंग्लिश भाषा, न्यूमेरिकल एबिलिटी, लॉजिकल रीजनिंग, सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स और सर्विस सेक्टर एप्टीट्यूड से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे। किसी भी विषय से 12वीं पास या 12वीं में अध्ययनरत छात्र आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते 12वीं में अंग्रेजी विषय अनिवार्य हो। आयु सीमा को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं है। परीक्षा 25 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी और परिणाम मई 2026 में घोषित होने की संभावना है।
आधुनिक सुविधाएं और इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण
इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट रायपुर में आधुनिक फूड प्रोडक्शन, बेकरी और एफ एंड बी सर्विस लैब, पूर्णत: सुसज्जित हाउसकीपिंग प्रैक्टिकल लैब, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, खेल एवं मनोरंजन सुविधाएं और अलग-अलग छात्रावास उपलब्ध हैं। यहां का पाठ्यक्रम पूरी तरह इंडस्ट्री ओरिएंटेड है, जिससे छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही व्यावहारिक अनुभव मिलता है।
100% प्लेसमेंट और राष्ट्रीय पहचान
आईएचएम रायपुर ने कम समय में ही देशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। यहां से प्रशिक्षित छात्र ओबेरॉय होटल्स एंड रिसोर्ट्स, राजसा बाय ताज, कोर्टयार्ड बाय मैरियट, हयात, सयाजी, मेफेयर, रिलायंस रिटेल, बर्गर किंग, बारबेक्यू नेशन, डोमिनोज और हल्दीराम जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स में चयनित हुए हैं। साथ ही, राष्ट्रीय स्तर की क्यूलिनरी और स्किल प्रतियोगिताओं में भी संस्थान ने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।
हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भविष्य बनाने वाले छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए यह अवसर न केवल रोजगार की दिशा खोलता है, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान भी दिलाता है।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
