छत्तीसगढ़ क्वांटिफायबल डाटा आयोग द्वारा प्रदेश की जनसंख्या में अन्य पिछड़े वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के सर्वेक्षण के लिए निर्धारित तिथि को बढ़ाकर 30 अक्टूबर कर दिया है। अब आवेदक सीजीक्यूडीसी मोबाईल एप पर ऑनलाइन पंजीकरण और अपने से संबंधित जानकारियां 30 अक्टूबर तक अपलोड कर सकेंगे। पहले सर्वेक्षण के लिए 12 अक्टूबर 2021 की तिथि निर्धारित थी। आयोग द्वारा संशोधित तिथि के निर्धारण के बाद सर्वेक्षण के लिए संशोधित विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। सीजीक्यूडीसी मोबाईल एप गुगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
छत्तीसगढ़ क्वांटिफायबल डाटा आयोग के सचिव से मिले संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक ऑनलाइन पंजीकरण और डाटा संग्रहण समेत सत्यापन का काम 30 अक्टूबर 2021 तक किया जाएगा। डाटा संग्रहण के बाद ग्राम पंचायत वार और वार्डवार सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, ग्राम पंचायत कार्यालय, जनपद कार्यालय, तहसील कार्यालय एवं जोन कार्यालय में 27 नवम्बर 2021 तक किया जाएगा। प्रारंभिक प्रकाशन पर दावा आपत्ति 15 दिसम्बर 2021 तक ली जाएगी। प्राप्त दावा एवं आपत्ति का निराकरण 30 दिसम्बर 2021 तक किया जाएगा।
20 जनवरी 2022 तक किया जा सकता है अनुमोदन
ग्राम पंचायत क्षेत्र में ग्राम सभा द्वारा नगरीय निकाय क्षेत्र में पीआईसी और एमआईसी द्वारा 20 जनवरी 2022 तक अनुमोदन किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में जनपद स्तर पर एवं नगरीय क्षेत्रों में निकाय स्तर पर डाटा संकलन का कार्य 05 फरवरी 2022 तक किया जाएगा। जनपद एवं निकाय स्तर से जिला स्तर पर डाटा संप्रेषण 18 फरवरी 2022 तक किया जाएगा। राज्य स्तर से नोडल अधिकारियों द्वारा डाटा आयोग को डाटा प्रेषण का कार्य 15 मार्च 2022 तक किया जाएगा।
30 अक्टूबर तक सर्वेक्षण
उपरोक्त संशोधित कार्यक्रम जारी होने के बाद अब सर्वेक्षण का कार्य सुपरवाइजारों द्वारा 30 अक्टूबर 2021 तक किया जाएगा। सर्वे का कार्य मोबाईल एप्प वेब पोर्टल के माध्यम से पूरे प्रदेश के नगरीय निकाय विभाग के नगर पंचायत, नगर निगम, नगर पालिका एवं ग्रामीण एवं पंचायत विभाग के ग्राम पंचायत जनपद पंचायत में नियुक्त किए गए सुपरवाइजर के माध्यम से किया जाएगा। सर्वे का कार्य 30 अक्टूबर 2021 तक चलेगा।
एप के जरिए करना होगा पंजीयन
सर्वेक्षण के लिए चिप्स द्वारा सीजीक्यूडीसी नाम से मोबाईल एप तैयार किया गया है, इस मोबाईल एप को इंस्टाल करने के बाद एप में आवेदक को पंजीयन करना होगा। पंजीयन के लिए एप में लॉगिन के लिए चार विकल्प दिए गए हैं, आधार कार्ड के द्वारा लॉगिन, राशन कार्ड के नंबर के आधार पर लॉगिन, राशन कार्ड में मुखिया के दर्ज मोबाईल नंबर के आधार पर लॉगिन अथवा उपरोक्त में से कोई भी प्रमाण उपलब्ध नहीं होने की दशा में वर्तमान में स्वयं के मोबाईल नंबर के आधार पर लॉगिन कर सकते हैं।
जानकारी का होगा सत्यापन
लॉगिन के बाद एप में एक प्रपत्र उपलब्ध होगा, जिसमें आवेदक से संबंधित जानकारी नाम, पिता/पति का नाम, वार्षिक आय परिवार के सदस्यों के नाम, वार्ड/ग्राम पंचायत, जनपद, जिला आदि की जानकारी भर कर अपलोड करना है। आवेदक के द्वारा अपलोड की गई जानकारी संबंधित आवेदक के ग्राम पंचायत/नगर पंचायत/नगरीय निकाय के वार्ड के लिए नियुक्त किए गए सुपरवाइजर के पास स्वतः फारवर्ड हो जाएगी। आवेदक के क्षेत्र में अधिकृत सुपरवाइजर के पास जैसे ही आवेदक की जानकारी प्राप्त होगी, वह उसका सत्यापन करेगा। इसके बाद डाटा जिला स्तर पर संकलन के बाद आयोग को मिलेगा।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
