रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि डोंगरगढ़ मां बम्लेश्वरी की नगरी और हम सब छत्तीगढ़ियों की पहचान है। माता रानी की कृपा से इस क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आएगी। मुख्यमंत्री ने डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों की मांग पर घुमका को पूर्ण तहसील बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने डोंगरगढ़ क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल की सुविधा के लिए आवश्यक अधोसंरचनाओं के निर्माण का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निवास कार्यालय में डोंगरगढ़ के विधायक भुवनेश्वर बघेल एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष नवाज खान के नेतृत्व में आए डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और समाज प्रमुखों से रूबरू चर्चा कर रहे थे। बघेल ने कहा है कि हमारी सरकार की यह कोशिश है, कि समाज के सभी वर्ग के लोगों को आगे बढ़ने और तरक्की करने का अवसर मिले। हर परिवार एवं व्यक्ति के आय में वृद्धि हो। लोगों के जीवन स्तर में बदलाव आए।
कोरबा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना
उन्होंने इस मौके पर राज्य में चिकित्सा शिक्षा, को बेहतर बनाने के लिए कांकेर, महासमुंद एवं कोरबा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना तथा भिलाई स्थित चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के अधिग्रहण का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में चिकित्सा सुविधा को बेहतर बनाने और चिकत्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की पहल की गई है।
दाई-दीदी क्लीनिक,मोबाइल मेडिकल यूनिट सुविधा का लाभ उठाने की अपील
उन्होंने लोगों से दाई-दीदी क्लीनिक, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना तथा मोबाइल मेडिकल यूनिट सुविधा का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की अपील की। समाज के निम्न एवं मध्यम वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए शुरू किए गए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट स्कूल का उल्लेख करते हुए कहा कि आज इन सरकारी स्कूलों में प्रवेश के लिए होड़ मची है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव-देहात के बच्चे भी बड़े शहरों के बच्चों की तरह फर्राटेदार अंग्रेजी बोलेंगे तो हम सबको लिए गर्व होगा।
मुख्यमंत्री को मां वैष्णोदेवी का प्रसाद भी भेंट किया
डोंगरगढ़ से आए प्रतिनिधिमंडल में पदुमतरा गांव के निवासी भागवत वर्मा भी सपरिवार आए थे। यह वहीं भागवत वर्मा है जिन्होंने माँ वैष्णोदेवी दर्शन के दौरान सांसद श्री राहुल गांधी से आकस्मिक भेंट के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार के काम-काज और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा शुरू की गई जनहितैषी योजनाओं से मिलने वाले लाभ के बारे में उन्हें बताया था। भागवत वर्मा ने इस मौके पर राहुल गांधी से मुलाकात का विस्तृत वृतांत भी सुनाया और मुख्यमंत्री को मां वैष्णोदेवी का प्रसाद भी भेंट किया।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
