•पहली से पांचवीं तक की कक्षाएं नहीं लगेगी स्कूल शिक्षा विभाग का निर्णय।रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्कूली बच्चों को कोरोना से बचाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों और स्कूलों में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए कक्षा पहली से पांचवीं तक की कक्षाएं नहीं लगाने का फैसला लिया है। अब इनकी पढ़ाई आनलाइन होगी। बीते दिनों प्रदेश के कई जिलों में कोरोना संक्रमण की वजह से बच्चे भी बीमार पड़ रहे हैं। बच्चों में कोरोना के खतरे को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने यह फैसला लिया है।

रविवार को ही राजधानी में 6 से 15 वर्ष के पांच बच्चों की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। वहीं राज्य में जारी होने वाली कोरोना संक्रमण के बुलेटिन में भी बच्चों के कोरोना की चपेट में आने की सूचना मिल रही है। छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग ने स्कूलों में कोरोना के खतरे को लेकर चर्चा शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक आने वाले दिनों में अन्य कक्षाओं को बंद कर आनलाइन कक्षाएं ही ली जाएंगी। यह भी कहा जा रहा है कि अन्य कक्षाओं में उपस्थिति ऐच्छिक कर दी जाए। बाकि कक्षाओं और बोर्ड परीक्षाओं को लेकर फैसला कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए लिया जा सकता है।