बीजापुर। मुख्यमंत्री मजरा-टोला ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत 111 गांवों में बिजली पहुंचाने का काम तेजी से किया जा रहा है। 105 गांवों के मजरा-पारा-टोलों तक बिजली पहंचाने का काम पूरा कर लिया गया है। जिसमें पड़ोसी राज्य तेलंगाना की सीमी पर स्थित पामेड़ का इलाका भी शामिल है। पामेड़ का यह इलाका 15 सालों बाद फिर से रोशनी से जगमग हुआ है। जिसकी खुशी ग्रामीणों के चेहरे पर साफ नजर आ रही है।

मुख्यमंत्री बघेल की पहल पर बीजापुर जिले में बीते तीन सालों में 98 किलोमीटर 11 केवी लाइन, 243 किलोमीटर एलटी लाइन विस्तार सहित 25 केवी क्षमता के 103 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री मजरा-टोला ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत अंदरूनी इलाके के 105 गांवों में बिजली पहुंचाने के साथ ही इन गांवों के 4 हजार 630 गरीब परिवारों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन दिए गए है। इसके अलावा इस योजना के तहत 6 अन्य गांवों में विद्युतीकरण के लिए 5.39 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। ये काम भी जल्द शुरू हो जाएगा। पहुंच मार्ग वाले गांवों के साथ ही अंदरूनी गांवों में भी व्यवधानों के बावजूद विद्युतीकरण का काम किया जा रहा है।