रायपुर। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद अब नतीजों का इंतजार हो रहा है। गुरुवार को सभी निकायों समेत बीरगांव के भी नतीजे आएंगे, लेकिन परिणाम के पहले बीजेपी प्रत्याशी का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में भाजपा उम्मीदवार लोगों को पैसे बांटते नजर आ रहा है। वीडियों में वार्ड नंबर 37 के प्रत्याशी पुनाराम साहू लोगों को 200-200 रुपये बांटते हुए दिख रहा है। बीजेपी प्रत्याशी का वीडियो चर्चा में हैं।

बीजेपी प्रत्याशी का वीडियो

एक समाचार पत्र की पड़ताल में ये बात सामने आई है कि वीडियो वोटिंग के दिन का है। इस वीडियो को एक स्थानीय युवक ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। वार्ड नंबर 37 के रोहन स्टेशनरी के ठीक सामने नेताजी लोगों को पैसे बांटते दिख रहे हैं।

ये भी पढ़ें: भाजपा की बोलती बंद कर देने वाला होगा नगरीय निकाय चुनाव का परिणाम – कांग्रेस

कांग्रेस प्रत्याशी ने घेरा

वार्ड क्रमांक 37 से कांग्रेस उम्मीदवार छविराम साहू ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशी पुनाराम साहू द्वारा पैसे बांटने का मामला गंभीर है। लोगों पर अपना प्रभाव डालने के लिए भाजपा प्रत्याशी ने ऐसा किया है।

ये भी पढ़ें: नगरीय निकाय चुनाव 2021: खर्च का हिसाब नहीं देने वाले उम्मीदवारों को निर्वाचन आयोग का नोटिस

देना पड़ता है पैसा- पुनाराम

इस मामले में पैसे बांट रहे प्रत्याशी का अपना अलग तर्क है। उसका कहना है कि उसने ये रुपये कार्यकर्ताओं के नाश्ते-पानी के लिए दिए थे। कार्यकर्ता हमारे लिए मेहनत करते हैं तो उन्हें नाश्ता पानी के लिए पैसे देने पड़ते हैं। उसे पानी के लिए महिला को 200 रुपये और एक युवक को नाश्ता लाने के लिए कुछ पैसा दिया था।