विद्यार्थियों को शासन की कार्यप्रणाली से जोड़ने और जनसामान्य में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लोकभवन का नियमित भ्रमण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस पहल के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर मठपारा के 50 छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के साथ लोकभवन का शैक्षणिक भ्रमण किया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने लोकभवन परिसर में स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी उद्यान सहित सचिवालय की विभिन्न प्रशासनिक शाखाओं का अवलोकन किया। इस अनुभव से छात्रों को यह समझने का अवसर मिला कि शासन स्तर पर निर्णय कैसे लिए जाते हैं और सरकारी व्यवस्थाएं कैसे कार्य करती हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने राज्यपाल से भेंट की और सामूहिक फोटो खिंचवाई। राज्यपाल ने छात्रों से संवाद करते हुए शिक्षा को जीवन की सबसे मजबूत नींव बताते हुए उन्हें निरंतर सीखते रहने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

भ्रमण के समापन पर सभी विद्यार्थियों को पौधे भेंट किए गए। उन्हें घर, विद्यालय और गांव में पौधारोपण कर उनकी देखभाल करने का संदेश दिया गया, जिससे बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित हो सके।

यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक और व्यवहारिक अनुभव साबित हुआ।