CM शपथ की अफवाह से मचा हंगामा, स्टेडियम पहुंचे विजय के समर्थक; बंद गेट देख भावुक हुए फैंस

तमिलनाडु की राजनीति में गुरुवार को उस वक्त बड़ा ड्रामा देखने को मिला, जब अभिनेता से नेता बने विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। खबर फैलते ही उनके समर्थक भारी संख्या में चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम पहुंचने लगे। फैंस को उम्मीद थी कि उनके पसंदीदा स्टार अब राज्य की सत्ता संभालने जा रहे हैं, लेकिन शाम तक पूरा मामला अफवाह साबित हुआ।

स्टेडियम के बाहर सुबह से जमा हजारों समर्थकों को जब अंदर जाने नहीं दिया गया और गेट बंद मिले, तो माहौल अचानक मायूसी में बदल गया। कई फैंस निराश होकर लौट गए, जबकि कुछ समर्थक भावुक होकर रो पड़े। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक महिला फैन को रोते हुए देखा गया, जिसने कहा कि वह बिना किसी को बताए सिर्फ विजय की शपथ देखने आई थी, लेकिन यहां आकर उसे पता चला कि कार्यक्रम ही नहीं हो रहा।

दरअसल, विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि वह सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। इसी बीच विजय की राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात ने अटकलों को और हवा दे दी। हालांकि बाद में साफ हुआ कि पार्टी के पास बहुमत के लिए जरूरी आंकड़ा नहीं है। बताया जा रहा है कि TVK और सहयोगियों के पास 112 सीटें थीं, जबकि सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी बताया गया।

राजनीतिक घटनाक्रम के बीच विजय समर्थकों की भावनाएं खुलकर सामने आईं। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए कि बिना आधिकारिक घोषणा के ऐसी खबरें कैसे फैल गईं। वहीं कुछ समर्थकों ने इसे जनता की उम्मीदों और विजय की लोकप्रियता का प्रतीक बताया।

तमिलनाडु की राजनीति में विजय की एंट्री पहले ही बड़ा बदलाव मानी जा रही थी, लेकिन यह पूरा घटनाक्रम दिखाता है कि उनके फैंस अब उन्हें सिर्फ अभिनेता नहीं, बल्कि संभावित नेता के रूप में भी देखने लगे हैं। हालांकि फिलहाल सत्ता का रास्ता TVK के लिए आसान नजर नहीं आ रहा।