छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चैत्र नवरात्रि, हिंदू नववर्ष (नव संवत्सर) और गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए नए उत्साह और सकारात्मकता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि जीवन में नई शुरुआत और नई दिशा का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि हिंदू नववर्ष का आगमन हमें नव ऊर्जा, नव संकल्प और नई चेतना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। इसी शुभ अवसर से चैत्र नवरात्रि का आरंभ होता है, जो शक्ति की आराधना और आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है।
उन्होंने गुड़ी पड़वा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व विशेष रूप से नई उम्मीद, समृद्धि और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है, जिसे देश के विभिन्न हिस्सों में उल्लास के साथ मनाया जाता है। यह त्योहार समाज में सकारात्मक सोच और उत्साह का संचार करता है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि मां दंतेश्वरी, महामाया, बम्लेश्वरी और अन्य देवी स्वरूपों में यहां की संस्कृति और आस्था गहराई से जुड़ी हुई है। नवरात्रि के दौरान प्रदेश का वातावरण भक्ति और साधना से भर जाता है, जो समाज में एकता और आंतरिक शक्ति को मजबूत करता है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए विकास और विश्वास के नए मानक स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
अंत में मुख्यमंत्री साय ने मां भगवती से प्रार्थना करते हुए प्रदेश की खुशहाली, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की।
