रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भाजपा के आरोप पत्र पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा कि कांग्रेस सरकार की यह सबसे बड़ी उपलब्धि है कि भाजपा के द्वारा जारी किये गये आरोप पत्र में भारतीय जनता पार्टी भूपेश बघेल सरकार पर भ्रष्टाचार के एक भी प्रमाणिक आरोप नहीं लगा पायी। यह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की स्वच्छ ईमानदार सरकार की मिसाल है कि विपक्ष अपने झूठे आरोप पत्र में भी सरकार की ईमानदारी पर सवाल खड़ा करने का साहस नहीं दिखा पाया। जो आरोप लगाया गया है वह भी सतही और तथ्यहीन है। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के लिये घोषणा पत्र न जारी करके आरोप पत्र जारी कर, 15 निकाय चुनाव में अपनी हार को स्वीकार कर लिया है। घोषणा पत्र वह राजनैतिक दल जारी करता है जिसे यह विश्वास हो कि वह चुनाव में सफल होकर जनता के लिये कुछ कर सकता है। जिसे अपनी सफलता पर संदेह होता है वह दूसरों की मीन मेख निकाल कर टाइम पास करता है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने तथाकथित आरोप पत्र में झूठे और सतही आरोप लगायें है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा ने अपने आरोप पत्र में जिन बिंदुओं को उठाया है वे सारे 25 मुद्दे भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार के 15 साल के कुशासन की याद है। कितना हास्यास्पद बेशर्मी की बात है कि 36000 करोड़ का नान घोटाला करने वाली भाजपा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में गड़बड़ी का झूठा आरोप लगा रही है। जिस भाजपा के राज में झलियामारी जैसी दुराचार की घटनायें होती थी, जिस भाजपा के नेता 15 साल तक जमीनों की दलाली में संलिप्त थे, जो भाजपा युवाओं की सरकारी नौकरी में भर्ती पर रोक लगा कर रखी थी, संपत्ति कर में बेतहाशा बढ़ोतरी कर जनता को परेशान करती थी, जो भाजपा विरासत में नई सरकार पर 40000 करोड़ का कर्जा छोड़कर गयी थी, जो भाजपा कर्मचारियों से 15 साल तक धोखा देते रही वह अब इन विषयों को उठाकर बेशर्मीपूर्वक कांग्रेस सरकार पर झूठे आरोप लगा रही है जबकि कांग्रेस सरकार ने इन मुद्दों को हल कर दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करायेगी। पूर्व में नगरीय निकाय के चुनाव में 10 नगर निगम में 10 में कांग्रेस की जीत हुई थी, भाजपा के पास नगरीय निकाय क्षेत्र की जनता को बताने के लिये कोई एजेंडा नहीं है, कोई विजन नहीं है। झूठ, फरेब, अफवाह के सहारे भाजपा नगरीय निकाय चुनाव में उतरी हुई है। भाजपा मुद्दों के दिवालियेपन से गुजर रही है। पूर्व के चुनाव में विधानसभा हो या लोकसभा हो भाजपा के द्वारा जनता के बीच जारी घोषणा पत्र हमेशा झूठ का पुलिंदा साबित हुआ है। भाजपा शर्म के मारे अब घोषणा पत्र जारी करने से बच रही है, इसलिये झूठे आरोप पत्र जारी कर चुनाव में मतदाता को भ्रमित करने में लगी हुई है। नगरीय निकाय की जनता भाजपा के झूठ से परिचित है। भाजपा का आरोप पत्र भाजपा की करारी हार का अग्रिम प्रमाण पत्र है।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
