रायपुर। मदनपुर क्षेत्र से करीब 400 आदिवासियों का जत्था ‘हसदेव बचाओ पदयात्रा’ करते हुए आज रायपुर पहुंचा है। इन आदिवासियों के लंबी और कठिन पदयात्रा को देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रशासन को निर्देश दिया था कि पदयात्रियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

जिला प्रशासन ने भी इन आदिवासी पदयात्रियों की तकलीफों को समझा और अपनी ओर से कोशिश की कि उन्हें यहां खाना, पानी और जरूरी सुविधाएं मिल सकें। इसके लिए भनपुरी में आदिवासियों के दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई और अंबेडकर चौक में पेयजल आदि की व्यवस्था की गई। आदिवासियों के इस दल ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय मांगा है।

ये है यात्रा का उद्देश्य

हसदेव अरण्य क्षेत्र की सभी कोयला खनन परियोजनाओं को निरस्त करने, भूमि अधिग्रहण को तत्काल निरस्त करने, पांचवी अनुसूचित क्षेत्रों में किसी भी कानून से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के पहले ग्रामसभा से अनिवार्य सहमती के प्रावधान को लागू करने जैसी मांग को लेकर पदयात्रा निकाली गई है।