छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से हो रही अच्छी बारिश के चलते जिले के चारों जलाशयों में जलभराव की स्थिति में काफी सुधार आया है। वहीं जलाशयों के कैचमेंट एरिया में भी लगातार बारिश होने के बांधों में पानी की आवक मजबूत हुई है। जल संसाधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले के बांधों में आज की स्थिति में 60 प्रतिशत से ज्यादा जलभराव हो चुका है।

जिले के रविशंकर जलाशय (गंगरेल बांध) में 60 प्रतिशत, बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव (मुरूमसिल्ली जलाशय) में 75 प्रतिशत, दुधावा में 44 प्रतिशत और सोंढूर जलाशय में 60 प्रतिशत जलभराव हो चुका है। बीते हफ्ते से हो रही बारिश से गंगरेल जलाशय में 23127 क्यूसेक पानी, मुरूमसिल्ली में 5833, दुधावा में 3442 तथा सोंढूर जलाशय में 2458 क्यूसेक (घनमीटर प्रति सेकण्ड) पानी की आवक बनी हुई है।

उफान पर महानदी

जांजगीर-चांपा जिले की बात करें तो यहां भी बीते चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है। जिसके चलते शिवरीनारायण में महानदी उफान पर है। भारी बारिश के चलते महानदी का पानी अभी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। बारिश से जल स्तर बढ़ने से अब नीचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इसे लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की टीम अलर्ट पर है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए गांवों में मुनादी भी कराई जा रही है।