रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 13 दिसंबर से शुरू हो रहा है जो कि 17 दिसंबर तक चलेगा। इसके लिए विधायकों ने साढ़े 7 सौ सवाल लगाए हैं। सवाल लगाने की अंतिम तिथि 24 नवंबर तक थी। इसके अलावा बताया जा रहा है कि सरकार इस सत्र के दौरान अनुपूरक बजट भी ला सकती है।

विधानसभा सचिवालय से मिली जानकारी के अनुसार 16 नवंबर से लेकर 24 नवंबर तक तारांकित और अतारांकित को मिलाकर कुल 755 सवाल लगाए गए हैं। इसमें –

  • 16 नवंबर को 40 प्रश्न
  • 17 नवंबर को 272 प्रश्न
  • 18 नवंबर को 115 प्रश्न
  • 22 नवंबर को 179 प्रश्न
  • 23 नवंबर को 84 प्रश्न
  • 24 नवंबर को 65 प्रश्न लगाए गए हैं।

पहले दिन दिवंगत सदस्यों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

विधानसभा सत्र के दौरान कुल 4 बैठकें होनी है। पहले दिन दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि के बाद सत्र खत्म हो जाएगा। सत्रत के चौथे और अंतिम दिन आधे समय में शासकीय कार्य किए जाएंगे।

हंगामेदार होगा सत्र

पिछले सत्र से लेकर इस सत्र के बीच राज्य में कई ऐसे मुद्दे सामने आए हैं जो काफी चर्चा में रहे हैं। इनमें राज्य में अपराधों की बढ़ती संख्या, नक्सल घटनाएं, धान खरीदी में देरी, बारदानों का संकट, कवर्धा की सांप्रदायिक हिंसा, सहित कई अन्य मामले हैं जो विपक्ष के लोग प्रमुखता से उठाने की कोशिश करेंगे। कुल मिलाकर ये कहा जा सकता है इस बार भी ये सत्र हंगामेदार होने वाला है।