रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव 2021 को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने उम्मीदवारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। चुनाव आयोग ने निर्वाचन व्यय की जांच में अनुपस्थित 123 उम्मीदवारों को नोटिस जारी किया है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार प्रत्याशियों द्वारा किए गए खर्च के हिसाब की प्रथम जांच के लिए 1345 उम्मीदवारों को बुलाया गया था। जिसमें से 1222 उम्मीदवार जांच के लिए नहीं पहुंचे। जिसके चलते निर्वाचन आयोग ने सभी अनुपस्थित उम्मीदवारों को नोटिस जारी किया है।

नगर पालिक निगम भिलाई से 318 उम्मीद्वारों को खर्च की जांच के लिए बुलाया गया था। इसमें 255 उम्मीदवार ही पहुंचे थे। इसी तरह बीरगांव नगर पालिक निगम में 186 में से 179 उम्मीदवार ही जांच के लिए पहुंचे। नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा में 102 में से 80 उम्मीदवार ही उपस्थित हुए।

किस निकाय से कितने उम्मीदवार पहुंचे-

  • रिसाली नगर पालिक निगम में 163 में से 161 उम्मीदवार
  • बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद में 70 में से 60 प्रत्याशी
  • जामुल नगर पालिका परिषद में 87 में से 74 उम्मीदवार
  • सारंगढ़ में 41 में से 40
  • शिवपुर चर्चा में 57 में से 56
  • प्रेम नगर नगर पंचायत में 39 में से 35 उम्मीदवार पहुंचे थे।

खर्च पर आयोग की पैनी नजर

इन सभी प्रत्याशियों को आगामी तारीख में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। नगरीय निकाय निर्वाचन में उम्मीदवारों के खर्चे पर छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की पैनी नजर है। निर्वाचन व्यय का लेखा जोखा रखने के लिए आयोग ने प्रेक्षक को भी नियुक्त किया है।

क्या है नियम?

बता दें कि उम्मीद्वारों को हर तीन दिन में चुनाव प्रचार में किए जा रहे खर्च का हिसाब देना होता है। इसके लिए निर्वाचन आयोग हर निकाय में व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त करता है। इसके बाद प्रेक्षक व्यय संप्रेक्षक को नियुक्त करते हैं। जिनके अंडर 6-7 वार्ड होते हैं। जो कि प्रत्याशियों के खर्च का ब्योरा देखते हैं।