दुर्ग। भिलाई नगर निगम चुनाव में बीजेपी को मिली करारी हार के बाद अब भाजपा नेताओं की बौखलाहट दिखने लगी है। नेताओं ने अपने हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ना शुरू कर दिया है। बीजेपी नेताओं ने अब अपनी नाकामी छिपाने के लिए धांधली, गलत मतगणना और अफसरों की मिलीभगत जैसे आरोप लगाना शुरू कर दिया है। पूर्व मंत्री और भिलाई नगर निगम चुनाव में मोर्चा संभाले प्रेम प्रकाश पांडेय ने तो कलेक्टर पर ही आरोप लगा दिया है।
प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा कि अपने 45 साल के राजनीतिक क्षेत्र में इतनी नग्नता के साथ किसी कलेक्टर का प्रदर्शन नहीं देखा। उन्होंने कहा कि कलेक्टर पूरे शासन के तलवे चाट रहा है। साथ ही कहा कि कलेक्टर का काम ऐसा रहा तो आने वाला समय ठीक नहीं होगा।
कलेक्टर ने नग्नतापूर्ण प्रदर्शन किया- प्रेमप्रकाश
प्रेमप्रकाश पांडेय ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का इस जिले के कलेक्टर को निर्देश था। इसलिए कलेक्टर ने इस तरह का नग्नतापूर्ण प्रदर्शन किया। हमने कभी ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं किया। आप बताओ कौन सा न्याय है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उत्तर प्रदेश में जाकर बोलते हैं कैसा कलेक्टर है और खुद ऐसा कलेक्टर पाल रहे हैं, जिसकी नीयत ठीक नहीं है। जिसकी नियति कुछ नहीं है। सिर्फ और सिर्फ सरकार और सरकारी जो नेता हैं उनके कहने पर कार्य करता है।
ये भी पढ़ें: नगरीय निकाय चुनाव: सभी 6 नगर पंचायत, चार नगर पालिका में कांग्रेस का कब्जा, उपचुनाव में भी भाजपा को दी पटखनी
उसका भविष्य ठीक नहीं है- प्रेम प्रकाश
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कलेक्टर ये ना भूलें कि उसे बहुत लंबी सर्विस करनी है। ऐसी नग्नता का प्रदर्शन करेगा तो जीवन में कभी आगे नहीं बढ़ेगा। राजनेता तो आते जाते रहते हैं। ये तीन साल के मुख्यमंत्री हैं हमारे पास तो 15 साल वाले हैं। इस तरह से वह कार्य करेगा तो उसका भविष्य ठीक नहीं है।
प्रत्याशियों को मतगणना स्थल पर जाने से रोका- प्रेम प्रकाश
बीजेपी का आरोप है कि काउंटिंग के दिन सुबह से ही भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को मतगणना स्थल पर जाने से रोका गया। चुनाव नियमों के मुताबिक प्रत्याशियों को काउंटिंग स्थल पर जाने का अधिकार है। लेकिन बीजेपी प्रत्याशियों को जाने नहीं दिया गया। बीजेपी ने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि हर राउंड की काउंटिंग के बाद प्रत्याशियों को उसका प्रमाण पत्र देना जरूरी है। लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
