रायुपर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव का रिजल्ट आने के बाद कांग्रेस ने अधिकांश निकायों में अपना परचम लहराया है। कांग्रेस ने सभी नगर पंचायत अपने कब्जे में किए। वहीं नगर पालिका में जामूल को छोड़कर शेष सभी में कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर लिया है। नगर निगम की बात करें तो बीरगांव के परिणाम लगभग पूरे आ चुके हें। यहां पर किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है, लेकिन यहां पर कांग्रेस 19 वार्ड जीतकर बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। यहां पर भाजपा को 10 और निर्दलियों ने 11 वार्ड में जीत दर्ज किया है। यहां पर सरकार बनाने में निर्दलियों की बड़ी भूमिका रहेगी। सुबह सबसे पहले आम निर्वाचन सुकमा जिले के कोंटा, बीजापुर के भोपालपटनम ओर, भैरमगढ़ के जतीजे आए जहां पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है। नगरीय निकाय चुनाव का रिजल्ट जो सामने आया है उससे ये साफ हो गया है कि भूपेश बघेल के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों पर लोगों की मुहर लगी है।

खैरागढ़ में भाजपा-कांग्रेस बराबर, एक वार्ड में टाई, रीकाउंटिंग में कांग्रेस जीती

राजनांदगांव के खैरागढ़ नगर पालिका परिषद में भाजपा 10, कांग्रेस ने 9 वार्डों में जीत दर्ज की है। जबकि एक वार्ड-4 में टाई हो गया है। दोनों प्रत्याशियों को 387-387 वोट मिले हैं। इसके बाद दो बार पुर्नगणना कराई जा चुकी है, लेकिन नतीजा नहीं निकल सका। इस पर तीसरी बार जब काउंटिग कराई गई और एक वोट से कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी घोषित कर दिया गया। इस पर भाजपाई भड़क गए। उन्होंने वहां रखी कुर्सियां तोड़ डाली और धरने पर बैठ गए हैं। आरोप है कि एसडीएम ने भाजपाइयों को बाहर निकाल, धोखाधड़ी कर कांग्रेस उम्मीदवार को जिताया है।

ये भी पढ़ें: नगरीय निकाय चुनाव का रिजल्ट: हार से बौखलाई भाजपा, परिणाम आने से पहले ही हंगामा शुरू

बीरगांव नगर निगम चुनाव-

बीरगांव नगर निगम के सभी 40 वार्डों के रिजल्ट सामने आ गए हैं, बीरगांव में किसी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिली है, लेकिन कांग्रेस के सबसे ज्यादा 19 प्रत्याशी जीते हैं। निकाय में सरकार बनाने के लिए बीरगांव में 21 पार्षदों की आवश्यकता है। भाजपा के 10 प्रत्याशियों की जीत हुई है। यहां पर 11 निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत हुई है जो कि काफी अहम माना जा रहा है। गाजीनगर में भी कांग्रेस का कब्जा हो गया है। वहीं बीरगांव में वार्ड 33 के निर्दलीय प्रत्याशी पुन्नी साहू को हार मिली है, इसका पता चलते ही पुन्नी साहू के पति बेहोश हो गए। उन्होंने धांधली का आरोप लगाया है।

5 नगर पालिका में से 4 पर कांग्रेस का कब्जा, जामूल में भाजपा

छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनावों में हुई मतगणना में आज कांग्रेस को नगर पंचायतों के अलावा नगर पालिकाओं में भी जीत हासिल हुई है। प्रदेश के 15 नगरीय निकाय के चुनावों में 6 नगर पंचायतों के अलावा 5 नगर पालिकाओं में भी चुनाव संपन्न हुए हैं, जिसमें से सभी नगर पंचायतों में कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा पार किया है वहीं 5 में से 3 नगर पालिकाओं में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया है। वहीं एक में भाजपा आगे है।
बैकुण्ठपुर नगर पालिका में कांग्रेस ने 20 में से 11, भाजपा 7 और दो पर निर्दलीयों ने बाजी मारी। वहीं नगर पालिका सारंगढ़ में कांग्रेस ने 15 वार्डों में से 11 पर कब्जा किया है। जामुल में भाजपा ने स्पष्ट जीत हासिल की है।

ये भी पढ़ें: नगरीय निकाय चुनाव का रिजल्ट: नतीजों में दिख रहा जनता का कांग्रेस पर विश्वास, ज्यादातर वार्डों में जीती, बीजेपी की हालत जोगी कांग्रेस से भी बुरी

ऐसा रहा जीत हार का गणित

  • नगर पालिका बैकुण्ठपुर — कांग्रेस 11, भाजपा 7, निर्दलीय 2
  • नगर पालिका शिवपुर चरचा — कांग्रेस 8, भाजपा 5 , निर्दलीय 2
  • नगर पालिका सारंगढ़ — कांग्रेस 11, भाजपा 3 , निर्दलीय 1
  • नगर पालिका खैरागढ़ — कांग्रेस 10, भाजपा 10 , निर्दलीय 0
  • नगर पालिका जामुल — कांग्रेस 6, भाजपा 10 , निर्दलीय 4

सभी नगर पंचायत में कांग्रेस का कब्जा

कांग्रेस ने प्रदेश में 6 नगर पंचायतों के चुनाव में सभी पर कब्जा कर लिया है। कोंटा नगर पंचायत के 15 में से 14 वार्डों में कांग्रेस, एक पर भाजपा, भैरमगढ़ में 10 वार्डों में कांग्रेस पांच पर भाजपा और भोपालपटनम में सभी 15 वार्डों में कांग्रेस की जीत हुई है। यहां भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है। इस चुनाव में कोंटा के विधायक प्रदेश के मंत्री कवासी लखमा व भाजपा के पूर्व मंत्री केदार कश्यप की भी प्रतिष्ठा लगी थी। जिसमें लखमा ने बाजी मार ली है। इसी तरह बीजापुर में विधायक विक्रम मंडावी और भाजपा के पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने भी इस चुनाव में अपने दलों के प्रमुख रणनीतिकार थे, जिसमें मंडावी भारी पड़ गए हैं।

नगर पंचायत में जीत का गणित

  • भैरमगढ़ नगर पंचायत — कांग्रेस 12, भाजपा 3 , निर्दलीय 0
  • कोंटा नगर पंचायत— कांग्रेस 14, भाजपा 1, निर्दलीय 0
  • भोपालपट्टनम नगर पंचायत— कांग्रेस 15, भाजपा 0, निर्दलीय 0
  • प्रेम नगर पंचायत— कांग्रेस 11, भाजपा 2, निर्दलीय 2
  • मारो नगर पंचायत— कांग्रेस 9, भाजपा 5, निर्दलीय 1
  • नरहरपुर नगर पंचायत— कांग्रेस 11, भाजपा 4, निर्दलीय 0

ये भी पढ़ें: भाजपा की बोलती बंद कर देने वाला होगा नगरीय निकाय चुनाव का परिणाम – कांग्रेस

उपनिर्वाचन नगर निगम-

प्रदेश की कुछ सीटों में हुए उपचुनाव में भी लोगों ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है। ज्यादातर जगहों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। इनमें-

  • नगर निगम बिलासपुर से कांग्रेस के शेख असलम जीते
  • राजनांदगांव से कांग्रेस की चंद्रकला देवांगन
  • कोंडागांव से कांग्रेस प्रत्याशी एमएल सोरी
  • नगर पंचायत बसना से निर्दलीय प्रत्याशी शीत गुप्ता
  • कुरुद से कांग्रेस के प्रत्याशी उत्तम साहू
  • मगरलोड से कांग्रेस के सुरेश साहू
  • आमदी वार्डक्रमांक 14 से कांग्रेस के घनाराम साहू
  • उतई से निर्दलीय प्रत्याशी सतीश चंद्राकर
  • भानुप्रतापपुर से कांग्रेस के शांति ठाकुर ने जीत दर्ज की है।