• आरक्षित वर्ग के साथ महिलाओं को भी जमानत राशि में छूट, अभ्यर्थी को नहीं देना पड़ेगा शपथ-पत्र
  • तीन जनवरी तक जमा होंगे नामांकन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव होने वाले हैं। निकाय चुनाव की तरह इस चुनाव में भी नामांकन-पत्र ऑनलाइन ही भरे जाएंगे। हालांकि हार्ड कॉपी रिटर्निंग अफसर के पास जमा करना होगा। वहीं, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग के साथ महिलाओं को जमानत राशि में 50 फीसद की छूट रहेगी। पंचायत चुनाव लड़ने वाले किसी भी अभ्यर्थी को शपथ-पत्र नहीं देना पड़ेगा।

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने बताया कि आयोग के एप ‘ओनो” के माध्यम से अभ्यर्थी नामांकन-पत्र ऑनलाइन भरेगें। इसके बाद उसका प्रिंटआउट निकालकर निर्धारित तिथि और समय में अपने संबंधित रिटर्निंग आफिसर को देंगे। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित निर्वाचन संपन्न कराने के लिए आयोग ने आवश्यक तैयारियां कर ली है।

कोरोना से बचाव की गाइड लाइन पर सख्ती

आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव की तरह पंचायत चुनाव में भी कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए जारी गाइड लाइन का सख्ती से पालन किया जाएगा। सभी जिलों में इसके लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें: नगरीय निकाय चुनाव: सभी 6 नगर पंचायत, चार नगर पालिका में कांग्रेस का कब्जा, उपचुनाव में भी भाजपा को दी पटखनी

पंच के लिए सफेद और सरपंच के लिए नीला मतपत्र

उन्होंने बताया कि चुनाव में अलग-अलग रंग के मतपत्र होंगे। पंच पद के लिए सफेद, सरपंच पद के लिए नीला, जनपद पंचायत सदस्य के लिए पीला और जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी रंग के फोटोयुक्त मतपत्र प्रयोग में लाए जाएंगे।

जमानत राशि तय

पंच पद के लिए 50 रुपये, सरपंच के लिए 1,000 रुपये, जनपद पंचायत सदस्य के लिए 2,000 रुपये, जिला पंचायत सदस्य के लिए 4,000 रुपये, अजा, अजजा, अपिव और महिला वर्ग के लिए निर्धारित राशि का 50 फीसदी रहेगा।

पंचायत का चुनाव कार्यक्रम

निर्वाचन सूचना का प्रकाशन-28 दिसंबर, नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख- 3 जनवरी, नामांकन पत्रों की जांच-4 जनवरी,
नाम वापसी की अंतिम तारीख- 6 जनवरी, मतदान – 20 जनवरी ओर मतगणना मतदान केंद्रों पर- 20 जनवरी को और जरुरत पड़ने पर तहसील पर-21 जनवरी को होगी।

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव में कांग्रेस को मिला जनता का साथ, भाजपा साफ

8 हजार से ज्यादा का स्टाफ

पंचायत चुनाव में करीब 11 हजार से ज्यादा सरकारी कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसमें 151 रिटर्निंग अफसर, 458 सेक्टर अधिकारी और 2449 पीठासीन अधिकारी के साथ 8176 मतदान अधिकारी होंगे।

दो जिलों की आठ पंचायतों में चुनाव

जिला कोरिया के विकासखंड बैकुंठपुर के तीन ग्राम पंचायत फूलपुर, बिशुनपुर और कंचनपुर समेत कोंडागांव जिले के विकासखंड बड़ेराजपुर के पांच ग्राम पंचायत विश्रामपुरी ‘अ’, विश्रामपुरी ‘ब’ खरगांव, जिर्रापारा और बीरापारा।