बिलासपुर। नए साल के जश्न के लिए बिलासपुर पुलिस ने एक इन्विटेशन कार्ड छपवाया है। ये कार्ड इन दिनों सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। कार्ड में लिखा है कि तेज रफ्तार और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के साथ ही कानून तोड़ने वालों को फ्री में एंट्री दी जाएगी। पुलिस ने इस कार्ड के जरिए अपील की है कि हमारा मेहमान न बनें और कानून का पालन करें।

प्रदेश में नए साल के जश्न की तैयारी चल रही है। शहर में भी हर वर्ग के लोग आज की रात जश्न के मूड में हैं। अगर आप भी नए साल का जश्न मनाने की सोच रहें है तो जरा सावधान रहिए। क्योंकि पुलिस ने भी एक आमंत्रण पत्र जारी किया है। पत्र में पुलिस ने खासतौर पर ये अपील की है कि कोशिश करें कि हमारे मेहमान न बनें। अगर मेहमान बनने के लिए तैयार हैं तो आपकी एंट्री फ्री रहेगी और वहीं आपकी खूब खातिरदारी भी होगी।

बिलासपुर पुलिस का आमंत्रण

31 की रात डीजे लॉकअप के साथ

इस इन्विटेशन कार्ड को बिलासपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसमें तेज रफ्तार, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के साथ ही कानून तोड़ने वालों के लिए डीजे लॉकअप में जोरदार इंतजाम किया जाएगा। भोजन में ‘कॉप’ केक के साथ पुलिस कस्टडी में दिए जाने वाले अन्य व्यवस्था का फायदा भी मिलेगा।

आगाह करने का नया तरीका

बिलासपुर एसपी पारुल माधुर ने कहा कि नए साल पर जगह-जगह चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। नियम तोड़ने, शराब पीकर तेज रफ्तार गाड़ी चलाने वालों की भी जांच की जाएगी। सोशल मीडिया में ऐसे तत्वों को आगाह करने के लिए यह तरीका अपनाया गया है। जिससे उनके पैरेंट्स भी सावधान रहें। पुलिस की अपील है कि नए साल का जश्न शालीनता के साथ मनाएं और दूसरों को परेशान न करें।