रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक के जामगांव-आर में आयोजित बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह में शामिल हुए। यहां उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी तेजी से हो रही है। अब तक करीब 58 प्रतिशत किसानों का धान खरीदा जा चुका है। हम सभी पंजीकृत किसानों से धान खरीदने प्रतिबद्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सोसायटी में किसानों के लिए धान खरीदी के अच्छे प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए बेहतर व्यवस्था बनाई गई है। उन्होंने कहा कि पिछले साल 92 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हुई थी, इस साल एक करोड़ मीट्रिक टन धान खरीदी की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में खाद की कमी नहीं
सीएम ने कहा कि देश भर में डीएपी का संकट है और छत्तीसगढ़ में इस संकट से निपटने के लिए वर्मी कंपोस्ट और सुपर कंपोस्ट के निर्माण को बढ़ावा देने का बड़ा फायदा हुआ है। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद किसानों से वर्मी कंपोस्ट से आए उत्पादन के बारे में पूछा। किसानों ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट से अच्छी फसल हुई है, फसल की चमक भी अच्छी है।
ये भी पढ़ें: नगर पंचायत नवागढ़ को नगर पालिका का दर्जा, सीएम ने की घोषणा
राजपथ में दिखेगा छत्तीसगढ़ का न्याय
सीएम भूपेश ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने पूरे देश में गोधन न्याय योजना ने एक मिसाल कायम की है। इस बार राजपथ में छत्तीसगढ़ के गोधन न्याय योजना की अनुपम झांकी भी दिखेगी और प्रदेश में हो रहे कृषि से संबंधित नवाचारों की झलक भी देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गोबर केवल लीपने के काम आता था, अब यह पोतने के काम भी आएगा। गोबर से पेंट बनाने के लिए काम चल रहा है। इसके अलावा गांव में गोबर के माध्यम से बिजली का उत्पादन भी होगा। इसके लिए बाहर के विशेषज्ञ शीघ्र ही आएंगे और इस पर तकनीकी रूप से काम आगे बढ़ेगा।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
