रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को बेमेतरा जिले के नवागढ़ विकासखंड मुख्यालय में आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय गुरु घासीदास लोक महोत्सव और जयंती समारोह एवं ओपन पंथी नृत्य प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर सीएम ने नगर पंचायत नवागढ़ को नगर पालिका का दर्जा देने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होने नवागढ़ अस्पताल का 50 बिस्तर अस्पताल के रूप में उन्नयन करने, संबलपुर में पुलिस चौकी और नवागढ़ के जोड़ा जैतखाम को विकसित करने के लिए एक करोड़ रुपये की स्वीकृति की घोषणा मुख्य मंच से की।
मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने सत्य के मार्ग पर चलते हुए समाज के अंधकार को दूर करने का प्रयास किया है। छत्तीसगढ़ की धरती में गुरु बाबा अवतरित हुए और छत्तीसगढ़ी बोली में जन-जन तक अपना संदेश पहुंचाया। समानता, समाजिक समरसता का संदेश देकर बाबा ने मानव समाज को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया।


सत्य का संदेश
सीएम ने कहा कि बाबा ने सूत्र वाक्य दिया मनखे-मनखे एक समान, मानव-मानव में कोई भेदभाव नहीं है, सब समान हैं। इसके अलावा उन्होंने सत्य ही ईश्वर है और ईश्वर ही सत्य है का संदेश दिये है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बाबा गुरु घासीदास एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चल रही है और प्रदेश के सभी वर्गों की भलाई के लिए कार्य करते हुए जनता की सेवा कर रही है।
ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिव्यांग चित्रसेन को सौंपा मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता का चेक
संतो ने समाज को राह दिखाई- सीएम
सीएम भूपेश ने कहा कि समाजिक समरसता छत्तीसगढ़ की पहचान है, छत्तीसगढ़ शांति का टापू है, प्रदेश में वैमनस्यता और अशांति फैलाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तत्कालीन समाज में व्याप्त अंधकार एवं बुराईयों को दूर करने अनेक संत महात्माओं ने जन्म लिया इनमे गुरु नानकदेव, संत कबीर, महावीर स्वामी एवं बाबा गुरु घासीदास जैसे अनेक संतों ने समाज को एक नई राह दिखाई और पूरी मानवता की भलाई के लिए कार्य किया।


सीएम ने दी नए साल की बधाई
भूपेश बघेल ने आगे कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना काल में भी प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों के लिए संचालित योजनाओं को जारी रखा गया। राजीव गांधी किसान न्याय योजना अन्तर्गत किसानों के बैंक खाते में राशि अंतरित की गई। इसके अलावा भूमिहीन लोगों को सालाना 6000 रूपए की राशि देने के लिए राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना प्रारंभ की जा रही है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों को नये साल की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
