अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और रंग पंचमी के अवसर पर रायपुर स्थित लोकभवन में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, पत्रकारिता और उद्यमिता के क्षेत्र में कार्य करने वाली महिलाओं को आमंत्रित किया गया और उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान कई महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया।
राज्यपाल रमेन डेका ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की भागीदारी समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिला दिवस हमें यह अवसर देता है कि हम महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, महिला हेल्पलाइन और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना महिलाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना और अन्य योजनाएं भी महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण में सहायक सिद्ध हो रही हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने भी महिलाओं के सशक्तिकरण और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा क्विज प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया।
समारोह के अंत में महिलाओं ने फूलों की होली खेलकर रंग पंचमी की शुभकामनाएं दीं।
