रायपुर। लखीमपुर खीरी में किसानों पर हुए अत्याचार के बाद जब सीएम भूपेश बघेल ने मौके पर जाने की कोशिश की तो यूपी सरकार ने सीएम भूपेश के हेलिकॉप्टर को लैंड करने की अनुमति नहीं दी। जिसके बाद सीएम भूपेश ने दिल्ली AICC में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके घटना की घोर निंदा की। भूपेश ने कहा कि बीजेपी अंग्रेजों से प्रेरित है। उन्हें किसान पसंद नहीं है। यूपी सरकार ना सिर्फ लोगों के अधिकार छीन रही है बल्कि सरकार के खिलाफ उठी आवाज को कुचला जा रहा है। सीएम भूपेश ने बीजेपी को लाशों पर राजनीति करने वाली पार्टी बताया । यही नहीं उन्होंने मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ का मुआवजा, घटना की मजिस्ट्रियल जांच के साथ केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। बघेल ने कहा कि आजादी की लड़ाई से लेकर आज तक कांग्रेस हर जगह कुर्बानी देती आ रही है। जबकि बीजेपी या उससे जुड़े संगठनों ने देश के लिए अपना नाखून तक नहीं कटाया, वहीं कांग्रेस के लोग कुर्बानी देते हैं।