विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य भण्डार गृह निगम के अध्यक्ष अरूण वोरा ने श्रीनगर पहुंचकर जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्य सचिव अरूण कुमार मेहता से राज्य के प्रतिनिधि के रूप में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान वोरा ने उप राज्यपाल और मुख्य सचिव को छत्तीसगढ़ में होने वाले ‘‘राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021‘‘ में शामिल होने का न्यौता दिया।

करीब डेढ़ साल के कोरोना से संघर्ष के बाद छत्तीसगढ़ सरकार बड़ा आयोजन करने जा रही है। 28 अक्टूबर से राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन होगा। जिसके लिए सरकार ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। यह आयोजन रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 28 अक्टूबर से प्रस्तावित है।

वृत चित्रों का होगा प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ में साल 2019 से राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव की शुरुआत हुई थी। वर्ष 2020 में कोरोना संकट की वजह से यह समारोह नहीं हो पाया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में 8 सितम्बर 2021 को हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में 28 से 30 अक्टूबर तक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव आयोजित कराने का फैसला लिया गया है। 31 अक्टूबर को इस समारोह में वृत्त चित्रों (डॉक्यूमेंट्री) का प्रदर्शन होगा। वहीं 1 नवंबर को राज्योत्सव भी होगा।

कला-संस्कृति पर होगी गोष्ठी

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पिछले दिनों बताया था कि इस बार इस महोत्सव में देश-विदेश से आए आदिवासी नर्तक दलों की प्रस्तुति के साथ ही आदिवासी कला-संस्कृति पर गोष्ठी भी होंगी। दोनों आयोजन साथ-साथ चलेंगे। इसके लिए देश-विदेश से नर्तक दलों को आमंत्रित किया जा रहा है।