रायपुर। छत्तीसगढ़ में डॉ. सिस्टर बीट्रिस ऐसा नाम है जिन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान 1 लाख से अधिक ऑपरेशन कर जिंदगियां बचाई हैं। 82 वर्ष की उम्र में भी डॉ. बीट्रिस ऑपरेशन करती हैं। उनके द्वारा की गई मानव सेवा को देखते हुए उन्हें गांधी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राजधानी रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में दिया गया।

गांधी के मूल्य और सिद्धांतों पर चलने वाले लोगों के लिए रायपुर में एक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिन व्यक्तियों का सम्मान और अभिनंदन किया उसमें अंबिकापुर की डॉ. सिस्टर बीट्रिस भी शामिल हैं।

कौन है डॉक्टर बीट्रिस ?

डॉक्टर बीट्रिस अंबिकापुर के होली क्रॉस मिशन हॉस्पिटल में कार्यरत हैं और उन्हें यह पुरस्कार उनके मानव सेवा को देखते हुए दिया गया है। सिस्टर बीट्रिस अपने जीवन काल में 1 लाख से ज्यादा मरीजों का ऑपरेशन कर चुकी हैं। वे सभी मानव को एक सा मानती हैं। डॉ. बीट्रिस में सांप्रदायिक सौहार्द, अहिंसा, सेवा, बराबरी, सामाजिक सद्भाव इत्यादि के सभी गुण विद्यमान हैं। 82 वर्ष की डाक्टर बीट्रिस को दीन दुखियों की सेवा करने में उम्र आड़े नहीं आती है।