कोरोना महामारी से बचाव के लिए देशभर में टीकाकरण कार्यक्रम चल रहा है। हालही में देश ने 100 करोड़ लोगों के टीकाकरण के बाद सफलता की सीढ़ी का पहला सोपान पार कर लिया है। इसी बीच छत्तीसगढ़ का रायगढ़ जिला वैक्सीनेशन के मामले में देश में सर्वोच्च स्थान पर है। रायगढ़ जिले का टीकाकरण दर 79.66 प्रतिशत रहा। अब तक की स्थिति में जिले के 82 प्रतिशत लोगों को टीके की दोनों खुराक लग चुकी है।
सूबे के मुखिया भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश में कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान जोर शोर से चल रहा है। यहां वैक्सीन के लिए क्षेत्र में व्यापक स्तर पर जनजागरुकता का काम किया जा रहा है। जागरुकता और राज्य सरकार की कुशल रणनीति के चलते टीकाकरण में तेजी आई है। रायगढ़ जिला आज कोविड टीकाकरण दर के मामले में पूरे देश में टॉप पर है। जिले में आज की स्थिति में 82 प्रतिशत लोगों को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। इसमें भी जिले का तमनार और बरमकेला विकासखंड प्रदेश का पहला पूर्ण टीकाकृत ब्लॉक बन गया।
बेहतर तालमेल का परिणाम
जिले की ये उपलब्धि शासन और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल को भी दर्शाता है। रायगढ़ कलेक्टर भीम सिंह के नेतृत्व में जिले ने यह उपलब्धि हासिल की है। कलेक्टर की अगुवाई और जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में वैक्सीनेशन टीम लोगों तक पहुंची। कभी केंद्र के माध्यम से तो कभी सीधे लोगों के दरवाजे पर। इस महाअभियान में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा गया। कलेक्टर ने भी लगातार सरपंचों और पार्षदों की बैठकें ली। वैश्विक स्तर पर टीकाकरण के मिल रहे फायदों के बारे में बताकर लोगों को इस महायज्ञ में जुडऩे के लिए प्रोत्साहित किया।
पूर्णता की ओर बढ़ा जिला
आज जिले ने जो लक्ष्य हासिल किया है ये एक बेहतर समन्वय का जीवंत उदाहरण है। कामयाबी की इस कहानी में स्वास्थ्य विभाग के साथ दूसरे विभागों के अधिकारियों से लेकर जमीनी अमला, जनप्रतिनिधि और जागरूक नागरिकों की आपसी साझेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब जिला प्रशासन वैक्सीनेशन जल्द पूरा कर जिले को पूर्ण टीकाकृत बनाने की ओर आगे बढ़ चला है।
Krishna sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
