रायपुर। जशपुर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं के बीच हुए विवाद के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सीएम भूपेश ने कहा कि प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के स्पष्ट रूख के बाद भी बार-बार उस पर सवाल उठाकर माहौल खराब करना ठीक नहीं है। जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। इससे पहले उन्होंने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जशपुर में जो घटना घटी है उसे टाला जा सकता था। यह दुर्भाग्यपूर्ण है, ऐसा नहीं होना चाहिए था। जशपुर में रविवार को आयोजित कांग्रेस के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में मारपीट और बवाल हाे गया था। इसमें पूर्व जिला अध्यक्ष और माध्यमिक शिक्षा मंडल के सदस्य पवन अग्रवाल भाषण दे रहे थे। तभी उन्होंने 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत में टीएस सिंहदेव के योगदान की बात की।

विधायक के इशारे पर बदसलूकी- पवन

पवन का कहना था कि हाईकमान ने जब ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री की बात की है तो अब सिंहदेव को मौका मिलना चाहिए। पवन अग्रवाल की बात अभी पूरी भी नहीं हो पाई थी कि जशपुर कांग्रेस जिला अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इफ्तिखार हसन ने मंच पर पहुंचकर उनसे माइक छीन लिया और धक्का-मुक्की की। बात ये भी सामने आ रही है कि उन्हें थप्पड़ भी लगाए गए हैं। पवन अग्रवाल का आरोप है कि कुनकुरी विधायक यूडी मिंज के इशारे पर उनके साथ ये बदसलूकी हुई है।