रायपुर। 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ में राज्य स्थापना दिवस मनाया जाएगा और इसकी खुशी सात समुंदर पार भी देखने को मिलेगी। नॉर्थ अमेरिका में रहने वाले छत्तीसगढ़ियों ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर एक विशेष समारोह रखा है। छत्तीसगढ़ की यही खुशबू छत्तीसगढ़ एनआरआई समुदाय-नाचा पूरे विश्व में बिखेरने जा रहा है।
समारोह को खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति, प्रख्यात लोक गायिका पद्मश्री डॉ. ममता चंद्राकर वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगी। वे इस आयोजन के इंट्रैक्चुअल सेशन में हिस्सा लेंगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ी मूल के अमेरिकी निवासियों से संवाद करेंगीं। नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (North America Chhattisgarh Association) के प्रसिडेंट गणेश कर ने इसके लिए पद्मश्री डॉ. चंद्राकर को विशेष आग्रह भेजा है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।

दी जाएगी विशेष प्रस्तुति

इस वर्चुअल आयोजन में छत्तीसगढ़ राज्य गठन के उद्देश्यों को बताने के साथ यहां की संस्कृति, भाषा और साहित्य से देश-दुनिया का परिचय कराया जाएगा। साथ ही छत्तीसगढ़िया समुदाय के सम्मान और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।

यूट्यूब और फेसबुक पर लाइव टैलिकास्ट

यह कार्यक्रम नाचा के यूट्यूब चैनल (www.youtube.com/nachaglobal) और फेसबुक पेज (www.facebook.com/cgnacha ) के माध्यम से 1 नवंबर को भारतीय समय अनुसार सुबह 7 से 9 बजे तक लाइव होगा।