रायपुर। छत्तीसगढ़ आज 21 बरस का हो गया है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यपाल अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है।
राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ विविधताओं से भरा समृद्धशाली प्रदेश है। यहां सभी क्षेत्रों में विकास की असीम संभावनाएं हैं। बीते वर्षों में यहां के लोगों ने अपने अद्म्य इच्छाशक्ति और संसाधनों का संतुलित उपयोग करते हुए छत्तीसगढ़ को प्रगति की राह में आगे बढ़ाया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आव्हान किया है कि हमारे पुरखों ने छत्तीसगढ़ राज्य के लिए जो सपने देखे थे, उसे पूर्ण करने के लिए एकजुट होकर कार्य करें और प्रदेश और देश की प्रगति में सहभागी बनें।
ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरा है हमारा छत्तीसगढ़- सीएम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने निर्माण का 21वां वर्ष पूर्ण कर 22 वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। हमारा युवा छत्तीसगढ़ ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरा हुआ है। इस ऊर्जा का सही दिशा में इस्तेमाल करते हुए हमें छत्तीसगढ़ राज्य को एक मॉडल राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़‘ का संकल्प लेकर मजूबत इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, संस्कार और संसाधनों को संरक्षित और सवंर्धित करने के साथ ही सुलभ और सुचारू प्रशासन व्यवस्था लागू करने की दिशा में कदम उठाए हैं। इसके साथ ही सरकार ने हर वर्ग के लिए योजनाएं शुरू की है, जिससे सभी का आर्थिक और सामाजिक रूप से विकास हो।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
