रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य गठन को आज 21 साल पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर आज राजधानी के साइंस कॉलेज ग्राउंड में भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। जिसमें प्रदेश की विभूतियों को अलंकृत किया जाएगा। इसके साथ ही रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस खास मौके पर प्रदेशवासियों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी है।

आज प्रदेश की 21वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के युवाओं को एक खास तोहफा दिया है। जिसमें सूबेदार/एसआई/ प्लाटून कमांडर के लिए निकाली गई भर्ती में आवेदन की तय सीमा को 11 नवंबर तक बढ़ा दिया है। वहीं राज्य शासन ने अनुसूचित जनजातियों के अभ्यर्थियों के हित में निर्णय लेते हुए ऊंचाई और सीना माप में छूट प्रदान की है।

ऊंचाई और माप में मिली इतनी छूट

अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए शारीरिक अहर्ता में न्यूनतम ऊंचाई 163 सेमी. और न्यूनतम सीना माप अहर्ता में छूट देते हुए सीना बिना फुलाए 78 सेमी. एवं फुलाने पर 83 सेमी. किया गया है। सभी वर्ग के उम्मीदवार दिनांक 11.11.2021 (शाम 05:30 बजे तक) तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।