राजधानी रायपुर में शुक्रवार आधी रात को एमजी रोड स्थित मंजू ममता रेस्टोरेंट के सामने तेज रफ्तार कार चालक ने नशे में 3 से 4 राहगीरों को रौंदा और 2 खड़ी कारों में टक्कर मारी । इस हादसे में कई बच्चे और महिलाएं बाल-बाल बचीं। यह पूरा मामला मौदहापारा थाना इलाके का है। जानकारी के मुताबिक घटना स्थल में मौजूद आसपास के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी चालक की कार की चाभी निकालकर जबरदस्ती कार रोका, जिससे बड़ा हादसा टाला जा सका। फिर राहगीरों ने कार चालक साहिल जैन को कार से निकाल कर जमकर पिटाई कर दी, मौके पर आए 2 आरक्षकों ने उसे भीड़ से बचाया और उसे थाने ले गए।

आपको बता दें कि कार का चालक नशे में था और कार की तलाशी लेने पर डिक्की से कई हुक्के के पॉट, और शराब की बोतलें मिली। घटना से आक्रोशित भीड़ मौदहापारा थाने पहुँची । जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भीड़ को शांत कराया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

कौन है साहिल जैन ?

आरोपी का नाम साहिल जैन है, जो कि एक इवेंट आर्गेनाइजर है।

सोशल मीडिया पर वायरल सलमान खान के साथ साहिल की तस्वीर

इस हादसे के बाद सोशल मीडिया में सलमान खान के साथ साहिल जैन की तस्वीर वायरल हो गई । जिसमें साहिल सलमान खान के साथ फोटो लेते नज़र आ रहा है आपको बता दें कि ऐसा ही हादसा सलमान खान की कार से 19 साल पहले साल 2001 में हुआ था । जिसमें बांद्रा के एक फुटपाथ पर सोए एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और चार घायल हो गए थे। हालांकि सलमान ने शराब पी थी या नहीं, इस बारे में मैनेजर ने स्पष्ट जानकारी होने से इनकार कर दिया था। लेकिन 19 साल बाद सलमान के ही एक फैन ने रायपुर में हिट एंड रन केस को दोहराने की कोशिश की है। लेकिन इस बार ना तो सलमान जैसे किस्मत साहिल के साथ थी और न ही कोई ऐसा गवाह जो उसकी तरफदारी करे। साहिल को मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर पीटा और नशा उतार दिया। साहिल इसके पहले भी मारपीट के केस में सरस्वती नगर पुलिस के निशाने पर हैं। लिहाजा इस बार ऐसा लग रहा है कि साहिल की गुंडागर्दी का भूत जरुर उतरेगा।