घोषणा पत्र में किसानों के कर्ज माफी, बिजली बिल हॉफ और 2500 रुपए में धान-गेहूं खरीदी शामिल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के फार्मूले पर कांग्रेस उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तैयार करेगी। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने प्रचार की जो योजना बनाई थी, कमोवेश उसे ही लागू किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में चुनाव के समय जो घोषणा पत्र तैयार किया गया था, उनमेें से कई मुद्दों को इसमें शामिल किया जा रहा है। राज्य का विकास, किसानों के कर्ज की संभावित कर्जमाफी, रोजगार, महिलाओं पर अत्याचार और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना मुख्य मुद्दे होंगे।

केंद्र की राजनीति में मुख्यमंत्री बघेल के बढ़ते दखल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए जो सात वचन तैयार किए हैं, उनकी सलाह बघेल ने ही दी थी। छत्तीसगढ़ की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस सात वचन के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। इसमें किसानों से धान और गेहूं की खरीदारी 2500 रुपये प्रति क्विंटल, बिजली बिल हाफ, जैसे वचन को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं के लिए अलग से घोषणापत्र जारी किया है, जिसमें छात्राओं को स्मार्टफोन और स्कूटी देने का वादा किया है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में किसान कर्ज माफी, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग सेंटर्स और मुफ्त बिजली जैसे मुद्दे शामिल किए जा रहे हैं। इसके साथ ही बुजुर्ग महिलाओं और विधवाओं को हर महीने 1 हजार रुपये पेंशन देने का ऐलान भी किया है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि महिलाओं के संघर्षों को समझते हुए कांग्रेस पार्टी ने उनके लिए अलग से घोषणापत्र तैयार किया है। सरकार बनने पर सालाना 3 भरे हुए सिलेंडर मुफ्त में दिए जाएंगे। साथ ही सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।

दिसंबर तक आएगा घोषणा पत्र

बताया गया है कि कांग्रेस दिसंबर तक अपने घोषणा पत्र का ऐलान करने की कोशिश करेगी, कांग्रेस असल मुद्दों पर ध्यान वापस लाना चाहते हैं। भाजपा की तरह नहीं, जो हर बार सांप्रदायिक और धार्मिक कार्ड खेलती है। यूपी कांग्रेस ने अपने मसौदे को अंतिम रूप देने के लिए जनता तक पहुंचने का फैसला किया है। चुनावी घोषणा पत्र को तैयार करने की रणनीति पर पहले ही काम कर लिया गया था। संभावना है कि कानून व्यवस्था, किसान मुद्दे, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और बदतर होते आर्थिक हालात घोषणापत्र मुख्य बिंदू हो सकते हैं।

बूथ मैनेजमेंट पर फोकस

हर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव अभियान के संचालन के लिए अलग-अलग वार रूम बनाया जाएगा। इसमें चुनाव प्रचार से लेकर बूथ मैनेजमेंट पर फोकस किया जाएगा। भूपेश बघेल से चर्चा के बाद यह तय किया गया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बाहरी राज्यों के नेता पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे, जिनकी रिपोर्टिग सीधे बघेल को होगी। कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो 403 विधानसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षक नियुक्त होंगे, जो तीन महीने तक संबंधित विधानसभाओं का जिम्मा संभालेंगे।

खेला महिला कार्ड

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार से वहां के नौजवान, किसान, महिलाएं, अनुसूचित जाति वर्ग के लोग व व्यापारियों समेत सभी वर्ग के लोग नाराज हैं। उत्तर प्रदेश में किसान और महिलाएं त्रस्त दिख रही हैं। इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस ने महिला कार्ड खेल दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने ऐलान किया कि विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिए जाएंगे। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी द्वारा कांग्रेस पार्टी की ओर से 40 फीसदी टिकट महिलाओं के लिए आरक्षित करने का निर्णय ऐतिहासिक है। यह राजनीति को नई दिशा, महिलाओं को आत्मबल देगा।