घोषणापत्र में छत्तीसगढ़ की सफल योजनाओं को यूपी में भी लाने कांग्रेस का वादा
इधर भाजपा नेत्री को काशी का जिम्मा, ब्राह्मण मतदाताओं के बीच बनाएंगी पैठ
रायपुर। उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव फतह करने छत्तीसगढ़ की सियासत के रथी-महारथियों ने मोर्चा संभाल लिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी टीम चुनावी बिसात पर घमासान की शुरुआत कर चुकी है। और अब भाजपा की राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय ने भी उत्तरप्रदेश को मुकाम बना लिया है। शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी का जिम्मा दिया है। दुर्ग जिले के इन दोनों दिग्गजों की जंग अब यूपी विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगी। यहां यह बताना लाजिमी है कि दोनों दिग्गज राज्य में हुए कई चुनावों में एक-दूसरे से मुकाबला कर चुके हैं।
गौरतलब है यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पिछले करीब तीन साल से पूरी ताकत झोंके हुए हैं। चुनाव के पहले उन्हें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का साथ मिला है। भूपेश बघेल को यूपी चुनाव के लिए सीनियर आब्र्जवर बनाया गया है। यह जिम्मेदारी मिलने के बाद इस चुनाव में पार्टी के लिहाज से श्री बघेल की भूमिका मजबूत हो गई है। उन्होंने पिछले कुछ दिनों में यूपी के कई दौरे किए हैं और चुनावी सभाओं को भी संबोधित किया है। उनके सलाहकार राजेश तिवारी भी यूपी में टीम के साथ मौजूद हैं।
चुनावी अभियान में छत्तीसगढ़ के मुद्दे
सीएम भूपेश बघेल के यूपी में सक्रिय होने के साथ ही उनका एक अलग प्रभाव भी दिखाई दे रहा है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने किसानों को धान का मूल्य 2500 रुपए प्रति क्विंटल देने का जो वादा किया था, वैसा ही वादा यूपी में धान और गेंहू किसानों के लिए किया गया है। छत्तीसगढ़ में किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा वहां भी दोहराई गई है। इसके साथ ही बिजली का बिल हॉफ करने की बात यूपी में कांग्रेस के घोषणापत्र में की गई है। माना जा रहा है कि श्री बघेल की पहल पर यूपी में इन घोषणाओं पर बड़ा दांव लगाया गया है।
पहले मोदी, फिर योगी के क्षेत्र के बाद अब झांसी
कांग्रेस में यूपी ने रणनीति के तहत सुनियोजित मोर्चा खोला है। श्री बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से प्रियंका गांधी की सभा की शुरुआत कराई और फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर इलाके में हल्ला बोला। इसके बाद लोगों को भावनात्मक रूप से जोडऩे अब झांसी में एक बड़ी रैली का प्लान है। अनुमान है कि झांसी की रानी के इस इलाके में कांग्रेस महिलाओं से संबंधित मुद्दे उठाएगी। कांग्रेस यहां महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 40 प्रतिशत टिकटें महिलाओं को देने की घोषणा कर चुकी है। वहां युवतियों को स्कूटी और स्मार्ट फोन देने की बात भी घोषणा में शामिल है।
यूपी के रण में सरोज की इंट्री
छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक अलग पहचान रखने वाली भाजपा नेत्री सरोज पांडेय को यूपी चुनाव के लिए जिम्मेदारी दी गई है। वे यहां के चुनावी रण में उतरने के लिए तैयार हैं। सूत्रों के अनुसार सुश्री पांडेय ने चुनाव तक यूपी में रहने की व्यवस्था भी कर ली है। सरोज पांडेय को यूपी चुनाव के लिए सह प्रभारी बनाया गया है। माना जा रहा है कि यूपी की सियासत में ब्राह्मण समुदाय की भूमिका के मद्देनजर सरोज को उतारा गया है। वे इस वर्ग के मतदाताओं के बीच पैठ बनाने का काम कर सकती हैं। सरोज पांडेय को यूपी में काशी क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। यहां 71 विधानसभा क्षेत्र और 16 लोकसभा क्षेत्र आते हैं। सरोज पांडेय ने इस क्षेत्र में बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि एक महत्वपूर्ण बैठक 12 तारीख को है। इसमें यूपी प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी शामिल होंगे। 13 तारीख को यूपी में एक बड़ी बैठक रखी गई है। इन बैठकों के बाद चुनाव अभियान तेज किया जाएगा।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
