रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रात दिल्ली रवाना होने वाले हैं। यहां वे छत्तीसगढ़ सदन में रुकेंगे। इसके बाद शुक्रवार को वे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में शामिल होंगे। ये विशेष बैठक उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बुलाई गई है। सीएम भूपेश यूपी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्य पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। इस बैठक में उत्तर प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति तय होगी।

उत्तर प्रदेश के पर्यवेक्षक बनाए जाने के बाद उनके पास संगठन और पार्टी की चुनावी मशीनरी से समन्वय की बड़ी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पिछले एक महीने में चार बार उत्तर प्रदेश जा चुके हैं। लखीमपुर खीरी हत्याकांड के बाद उत्तर प्रदेश में काफी आक्रामक रूप से सक्रिय हुई कांग्रेस ने एक माहौल बना दिया है। पिछले दिनों विभिन्न क्षेत्रों से निकली प्रतिज्ञा यात्राओं के जरिए कांग्रेस ने शुरुआती चुनावी घोषणाओं को लोगों के बीच पहुंचाने की कोशिश की है।