रायपुर/कोरबा। इंटरनेट पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी रैकेट चला रहे अपराधियों की तलाश में सीबीआई (सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन) अब छत्तीसगढ़ भी पहुंच गई है। सीबीआई ने मंगलवार को देश में 14 राज्यों में करीब 77 ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की है। इसमें छत्तीसगढ़ के कोरबा का दर्री इलाका भी शामिल है।​ यहां से एक व्यक्ति को साथ ले जाए जाने की भी जानकारी है। फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि वो व्यक्ति राजनीति से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसी ने आरोपियों के ठिकानों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल और लैपटॉप जब्त किए हैं। फिलहाल मामले में जांच जारी है।

सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक एजेंसी ने ऑनलाइन बाल यौन शोषण और शोषण से संबंधित आरोपों पर 83 आरोपियों के खिलाफ 23 मामले दर्ज किया है। आरोप लगाया गया था कि भारत और विदेशों स्थित व्यक्तियों के विभिन्न सिंडिकेट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बाल यौन शोषण सामग्री प्रसारित कर रहे हैं। इनमें उसे डाउनलोड करने वाले और देखने वाले भी शामिल हैं। FIR में यह भी आरोप लगाया गया था कि लोग सोशल मीडिया ग्रुप और तीसरे पक्ष के होस्टिंग प्लेटफॉर्म पर लिंक, वीडियो, तस्वीर, टेक्स्ट, पोस्ट और ऐसी सामग्री को होस्ट कर उसका प्रसार कर रहे हैं। जांच में देश भर में ऐसे 77 शहरों की पहचान हुई है जहां से चाइल्ड पोर्नोग्राफी का यह सिंडिकेट ऑपरेट हो रहा था।

स्थानीय पुलिस को छापे की जानकारी नहीं

सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने मंगलवार सुबह इन ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कोरबा की स्थानीय पुलिस को इस छापे के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है। देर शाम सीबीआई ने बताया कि तलाशी के दौरान अब तक कई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल, लैपटॉप बरामद किया गया है।

विदेशी नागरिकों की भी संलिप्तता

सीबीआई के मुताबिक अब तक मिली जानकारी के मुताबिक 50 से ज्यादा ग्रुप है जिनमें 5 हजार से ज्यादा अपराधी बाल यौन शोषण सामग्री शेयर कर रहे हैं। इनमें से कई ग्रुप में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इनमें कम से कम 100 देशों के लोग हो सकते हैं। सीबीआई औपचारिक और अनौपचारिक चैनलों के जरिए सहयोगी एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है। आगे की जांच जारी है।