• सांसद दीपक बैज 28 को करेंगे सत्याग्रह, पर्यटन व होटल व्यवसाय प्रभावित

रायपुर। कोरोना काल में बंद की गई बस्तर से चलने वाली यात्री ट्रेन के परिचालन के लिए रेलवे बोर्ड ने तीन माह पहले ही आदेश जारी कर दिया है। बोर्ड के आदेश के बाद भी रेलवे के अफ सरों के द्वारा इस शुरू नहीं किया जा रहा है। ट्रेन शुरू कराने को लेकर करने की मांग को लेकर सांसद दीपक बैज 28 दिसंबर मंगलवार को जगदलपुर रेलवे स्टेशन के बाहर सत्याग्रह (धरना) करेंगे। उन्होंने सत्याग्रह की सूचना रेलवे बोर्ड के साथ ही ईस्ट कोस्ट रेल जोन भुवनेश्वर,रेल मंडल वॉल्टियर तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन बस्तर को भी दी है।

मंगलवार को कांग्रेस का स्थापना दिवस भी है। सांसद बैज का कहना है कि केंद्र की सरकार बस्तर की मांगों को अनसुना कर रही है। लोकसभा में लगातार रेल संबंधी मुद्दों को उठाने और केंद्र सरकार को पत्र लिखने का कोई असर नहीं हो रहा है। इसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अभी तो केवल1 दिन का सत्याग्रह कर रहे हैं, लेकिन यदि सरकार इसी तरह बस्तर के साथ भेदभाव जारी रखेगी तो आगे चलकर रेल रोको आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

रेलवे बोर्ड जारी कर चुका है आदेश

सांसद ने कहा कि इससे बड़ी विडंबना क्या हो सकती है कि रेलवे बोर्ड हावड़ा- जगदलपुर समलेश्वरी एक्सप्रेस का परिचालन शुरू करने का आदेश जारी कर चुका है। आदेश जारी होने के 3 महीने बाद भी रेल प्रशासन इस ट्रेन को शुरू नहीं कर पाया है। कोरोना काल में बंद की गई यात्री ट्रेनों को दोबारा शुरू करने के लिए रेल मंत्री द्वारा झंडी दिखाने की नीति के कारण अनावश्यक विलंब हो रहा है। मंगलवार को सत्याग्रह जिन तीन रेल मुद्दे को लेकर किया जा रहा है उसमें हावड़ा-जगदलपुर समलेश्वरी एक्सप्रेस का परिचालन शीघ्र शुरू करने, विशाखापट्टनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस सप्ताह में पूरे 7 दिन चलाने, दुर्ग-जगदलपुर एक्सप्रेस शुरू करने के मांग भी शामिल हैं।