बिलासपुर। केंद्र सरकार ने दिव्यांगजनों को सशक्त करने के मामले में राज्य को तीन राष्ट्रीय पुरस्कार देने की घोषणा की है। जिसमें छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के तिफरा स्थित एक मात्र ब्रेल प्रेस को उत्कृष्ट कार्य के लिए देश के सर्वश्रेष्ठ ब्रेल प्रेस की श्रेणी में चुना गया है। दृष्टिबाधितों के लिए पठन सामग्री बनाने और उन्हें पढ़ने के लिए तैयार कर उन्हें नई दृष्टि प्रदान करने में बिलासपुर का ब्रेल प्रेस वरदान साबित हुआ है।
दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए ई-पुस्तकालय का संचालन, डमी मतपत्र और ईपिक कार्ड, मतदाता पहचान पर्ची के साथ ही ब्रेल प्रेस बिलासपुर ने रामायण, गीता जैसी ज्ञानवर्धक और कहानियों की ब्रेललिपि में पुस्तकें प्रकाशित की है। ब्रेल प्रेस के कार्यों की अब केंद्रीय स्तर पर भी विशेष रूप से सराहना की जा रही है। केंद्रीय स्तर पर 3 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में छत्तीसगढ़को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।


हिंदी और अंग्रेजी पठन सामग्री उपलब्ध
बिलासपुर स्थित ब्रेल प्रेस राज्य का पहला और इकलौता ब्रेल प्रेस यूनिट है। इसकी स्थापना जनवरी 1985 में दृष्टिहीनों को ब्रेललिपि में पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए की गई थी। साल 2014 में प्रेस का आधुनिकीकरण और कंप्यूटराइजेशन हुआ। यहां दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए पहली से 12वीं तक पाठ्य पुस्तकें मुद्रित कर शासकीय और अशासकीय संस्थाओं को प्रदान की जाती है। इसके साथ ही यहां दृष्टिबाधित दिव्यांगों के लिए राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय पुस्तकों के अलावा निःशक्तजन अधिकार अधिनियम-2016, एक्यूप्रेशर चिकित्सा, स्वच्छता एक अहसास, पंचतंत्र की कहानियां, जातक कहानियां, हितोपदेश, आरती संग्रह, हिन्दी और अंग्रेजी की पठन सामग्री की छपाई की गई है। यहां से मुद्रण सामग्री छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे राज्यों को भी सप्लाई की जाती है।
18 हजार से ज्यादा पुस्तकें
ब्रेल प्रेस बिलासपुर छत्तीसगढ़ की पहली संस्था है जिसमें सुगम पुस्तकालय अंतर्गत ई-पुस्तकालय में पंजीयन कराया है। दृष्टिबाधित व्यक्ति प्रेस के ई-पुस्तकालय में मुफ्त सदस्यता ले सकते हैं। ई-पुस्तकालय में 18 हजार से ज्यादा पुस्तकें उपलब्ध हैं। जिन्हें सदस्य पढ़ने के साथ डाउनलोड भी कर सकते है। ब्रेल प्रेस बिलासपुर ने सामान्य ज्ञान और 9वीं से 12वीं तक की पुस्तकों को ई-पुस्तकालय में अपलोड किया है। इन पुस्तकों को ऑडियो माध्यम से सुना जा सकता है। इससे कोरोना काल में विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई में बहुत मदद मिली है। देश के सर्वश्रेष्ठ ब्रेल प्रेस के रूप में चयन से प्रेस के सभी अधिकारी और कर्मचारी बहुत खुश हैं और उनमें काम के प्रति नया उत्साह दिखाई दे रहा है।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
