रायपुर। नदी नालों के तट पर सब्जी उगाने वाले बिलासपुर जिले के किसानों को अनुदान सहायता राशि दी जाएगी। भूपेश सरकार किसानों को सब्जी उगाने के लिए प्रति एकड़ 4700 रुपये की आर्थिक सहायता देगी। राज्य पोषित योजाना के अंतर्गत नदी के कछार या तटों पर सब्जी उगाने के लिए प्रति एकड़ इकाई की लागत से 9400 रुपये का प्रावधान है। किसानों को इकाई लागत 9400 रुपये का 50 प्रतिशत यानी 4700 रुपये प्रति एकड़ की दर से अनुदान राशि दी जाएगी।

इस योजना के तहत सब्जी उगाने वाले किसानों को अनुदान राशि का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रपत्र में आवेदन शासकीय उद्यान रोपणियों (नर्सरी) में जमा करना होगा। किसान अपने क्षेत्र में स्थित शासकीय उद्यान रोपणियों के उद्यान अधीक्षक से संपर्क कर योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन फॉर्म जमा कर सकते है। आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बैंक खाते की फोटो कॉपी समेत बी-1 नक्शा खसरा भी संलग्न करना होगा।

जिले को 7500 हेक्टेयर रकबे का लक्ष्य

उद्यानकी विभाग के उप संचालक ने बताया कि राज्य पोषित योजना के तहत नदी कछार या तटों पर लघु सब्जी उत्पादकों को प्रोत्साहित करने के लिए जिले को 7500 हेक्टेयर रकबे का लक्ष्य मिला है। इसमें सब्जी उत्पादक किसानों को बीज और आदान सामग्री व्यवस्था पंजीकृत संस्था-बीज भण्डार से खुद खरीदना होगा। इसके लिए प्रति हितग्राही को कुल लागत का 50 प्रतिशत की अनुदान राशि दी जाएगी। योजना के अंतर्गत किसान न्यूनतम 0.250 हेक्टेयर रकबे और 0.400 हेक्टेयर रकबे के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

किसानों को दी जाएगी तकनीकी सलाह

किसानों को अनुदान राशि का भुगतान डीबीटी के जरिए सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा। सब्जी उगाने के लिए तकनीकी अमला किसानों का मार्गदर्शन और तकनीकी सलाह भी देगा।