मुंबई महानगरपालिका (BMC) मेयर चुनाव को लेकर महायुति गठबंधन ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने रितु तावड़े को मुंबई महापौर पद के लिए आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि शिंदे गुट की शिवसेना की ओर से संजय शंकर घाड़ी को उप महापौर पद के लिए मैदान में उतारा गया है।
इस बार मुंबई मेयर का पद महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित (ओपन कैटेगरी) है। इसी वजह से यह लगभग तय है कि मुंबई को एक बार फिर महिला मेयर मिलने जा रही है। साथ ही, यह चुनाव भाजपा के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि पहली बार पार्टी का मेयर मुंबई में बनेगा। भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने रितु तावड़े के नाम की औपचारिक घोषणा की।
रितु तावड़े और संजय घाड़ी का सियासी अनुभव
रितु तावड़े घाटकोपर क्षेत्र से तीन बार नगरसेविका रह चुकी हैं और बीएमसी की शिक्षा समिति की पूर्व अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई है। प्रशासनिक अनुभव और संगठन में मजबूत पकड़ के चलते उन्हें मेयर पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
वहीं डिप्टी मेयर पद के लिए चुने गए संजय शंकर घाड़ी, मुंबई के वार्ड नंबर 5 (मागाथाने) से पार्षद हैं और शिंदे गुट में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
बहुमत के दम पर महायुति की बढ़त
बीएमसी में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए महायुति गठबंधन के मेयर और डिप्टी मेयर उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शिवसेना (UBT) और कांग्रेस भी चुनावी मुकाबले में उतर सकती हैं, जिससे राजनीतिक सरगर्मी और तेज होने की संभावना है।
11 फरवरी को होगा मतदान
मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 7 फरवरी है। इसके बाद 11 फरवरी को मेयर चुनाव कराया जाएगा। इस दौरान बीएमसी सदन में सभी पार्षदों की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
