नई दिल्ली। आज पूरा देश शौर्य-वार मना रहा है, आज हिंदुस्तान की आंखें नम जरूर हैं, लेकिन हाथ फक्र से सलाम कर रहे हैं, उन जांबाजों को जिनकी वर्दी देश की पीढ़ियों को प्रेरणा देती है। विमान हादसे में शहीद हुए देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस सर्विसेस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत 11 सैन्य अधिकारियों का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा।

जनरल रावत का अंतिम संस्कार आज दिल्ली कैंट के बरार स्क्वायर श्मशान गृह में होगा। यहां सुबह 11 बजे से आम लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे और इसके बाद दोपहर 2 बजे अंतिम यात्रा निकलेगी।

प्रधानमंत्री समेत वरिष्ठ लोगों ने दी श्रद्धांजलि

इस हादसे में जनरल बिपिन रावत की पत्नी मधुलिका रावत का भी निधन हुआ था। वहीं, सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में शहीद हुए ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर का अंतिम संस्कार आज दिल्ली कैंट में शाम 7:15 बजे किया जाएगा। इससे पहले गुरुवार को दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनरल बिपिन रावत समेत सभी 13 शहीदों को श्रद्धांजलि दी और परिजनों से भी मुलाकात की। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एनएसए अजीत डोभाल और तीनों सेना प्रमुखों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

तीनों सेनाओं के प्रमुख भी पहुंचे श्रद्धांजलि देने

शहीदों के अंतिम दर्शन के लिए तीनों सेनाओं के चीफ भी आए। उन्होंने भी पुष्पचक्र अर्पित कर जनरल रावत समेत सभी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।