सप्ताह भर पहले जांजगीर-चांपा के जिलाध्यक्ष पद से हटाए गए थे चौलेश्वर चंद्राकर

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने चौलेश्वर चंद्राकर को अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। पिछले महीने मुख्यमंत्री को लेकर कांग्रेस में खींचतान तेज हुई तो चौलेश्वर की स्थिति भी कमजोर हुई। उन्हें जांजगीर-चांपा जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया गया था। वे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी माने जाते हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने बताया, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चौलेश्वर चंद्राकर को ओबीसी विभाग का प्रदेश अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया है। अभी तक बिलासपुर के कृष्ण कुमार यादव अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। घोषणा के साथ ही प्रदेश कांग्रेस में चौलेश्वर चंद्राकर का कद भी बढ़ गया है।

मोहन मरकाम की कार्यकारिणी में रह चुके हैं चौलेश्वर

प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की कार्यकारिणी में उन्हें जांजगीर-चांपा का जिलाध्यक्ष बनाया गया था। इस नियुक्ति के बाद जांजगीर-चांपा कांग्रेस में विवाद की स्थिति बनी थी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत जांजगीर-चांपा के सक्ती विधानसभा से विधायक हैं। ऐसे में उन्होंने भी चौलेश्वर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इसके लिए उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम से भी कहा था, लेकिन उनको वहां से हटाया नहीं गया।

सचिव भी रह चुके हैं चौलेश्वर

विधानसभा चुनाव से पहले भूपेश बघेल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बने थे तो भी चौलेश्वर को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली थीं। उन्हें प्रदेश कांग्रेस का सचिव बनाया गया था।